Assam elections 2026: (बारपेटा): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बारपेटा में असम गण परिषद (अगप) उम्मीदवार दीपक कुमार दास के समर्थन में आयोजित रैली में कहा कि केवल भाजपा के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ही असम को घुसपैठियों से मुक्त कर सकता है और जनसांख्यिकीय बदलाव रोक सकता है।
विपक्ष पर साधा निशाना
सीएम आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने 60 साल के शासन में राज्य की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने घुसपैठ, हिंसा और दंगों को बढ़ावा दिया और स्थानीय संस्कृति तथा विरासत को खतरे में डाल दिया। मुख्यमंत्री ने एआईयूडीएफ पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी घुसपैठियों को प्रोत्साहित कर सत्ता हासिल करना चाहती है। उनका कहना था कि कांग्रेस और एआईयूडीएफ मिलकर राज्य की संस्कृति और विरासत को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।
राजग ही करेगी राज्य में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित
सीएम योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट किया कि राजग सरकार राज्य में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करेगी। “प्रत्येक घुसपैठिये की पहचान कर उसे खदेड़ दिया जाएगा। राजग ‘लव और लैंड जिहाद’ तथा जनसांख्यिकी में किसी भी प्रकार के बदलाव को सहन नहीं करेगा।
विरासत और विकास एक साथ
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि राजग “विरासत-विकास” को संतुलित रूप से सुनिश्चित करेगा, जैसा कि अन्य राज्यों में किया गया है। उन्होंने पिछले 10 वर्षों में असम में आए बदलाव का जिक्र करते हुए लोगों से राजग को निरंतर समर्थन देने का आग्रह किया।बारपेटा से कांग्रेस के उम्मीदवार का नामांकन रद्द होने पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस “चुनाव से पहले ही मैदान छोड़ गई है।” असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव 9 अप्रैल को होंगे और मतगणना 4 मई को होगी।