चंडीगढ़: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को पंजाब के मोगा में अपनी रैली से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि राज्य भ्रष्टाचार, मादक पदार्थ और अपराध में डूब गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब बदलाव चाहता है और भाजपा इसका भरोसेमंद विकल्प है।
पंजाब में कानून-व्यवस्था पर निशाना
शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट में लिखा, “पंजाब का हर व्यक्ति बदलाव चाहता है। जवानों, किसानों और मेहनतकश लोगों के लिए प्रसिद्ध पंजाब की पवित्र भूमि को ‘आप’-की सरकार ने भ्रष्टाचार, मादक पदार्थों और अपराध में डुबो दिया है।” उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस ‘रिमोट कंट्रोल’ वाली सरकार के शासन में राज्य से कानून-व्यवस्था और विकास नदारद हैं।
मोगा में ‘बदलाव रैली’
अमित शाह ने कहा कि वह मोगा में भाजपा की ‘बदलाव रैली’ में पंजाब के बहनों और भाइयों से संवाद करने के लिए उत्सुक हैं। यह रैली पंजाब में भाजपा के चुनावी अभियान की शुरुआत के रूप में देखी जा रही है। मोगा, पंजाब के राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मालवा क्षेत्र में आता है। यह क्षेत्र राज्य की कुल 117 विधानसभा सीटों में से 69 का प्रतिनिधित्व करता है। राज्य में अगले साल 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं।
विपक्ष की रैलियों का संदर्भ
AAP ने इसी स्थान पर फरवरी में मुख्यमंत्री भगवंत मान और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में रैली की थी। इसके पहले भाजपा के पंजाब इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने दावा किया था कि पंजाब में लोग भाजपा को बदलाव के लिए विश्वसनीय विकल्प मानते हैं और 2027 में AAP को सत्ता से बेदखल करने का मन बना चुके हैं।