दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया ‘येलो’ अलर्ट

Delhi weather update: (नई दिल्ली): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में रविवार सुबह हल्की बारिश दर्ज की गई। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के कुछ इलाकों के साथ-साथ रफी मार्ग, पार्लियामेंट स्ट्रीट, चिराग दिल्ली, मान सिंह रोड, पटपड़गंज और पीरगढ़ी में सुबह के समय बारिश हुई।

सुबह तक पांच मिमी बारिश दर्ज

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, सुबह साढ़े आठ बजे तक शहर में लगभग पांच मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। विभाग ने बताया कि दिल्ली में न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

तेज हवाओं के साथ बारिश का है अनुमान

मौसम विभाग ने दिन के लिए ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार दिन में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

मध्यम श्रेणी में रहा AQI

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 190 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *