PM मोदी ने अजमेर से राष्ट्रीय HPV टीकाकरण अभियान का किया शुभारंभ,  कई प्रोजेक्ट्स का हुआ उद्घाटन 

जयपुर: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के अजमेर से ‘सर्वाइकल कैंसर’ के खिलाफ राष्ट्रीय ह्यूमन पैपिलोमावायरस (HPV) टीकाकरण अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने नौ से 14 वर्ष की पांच बालिकाओं को एचपीवी टीका लगाया और उनसे बातचीत की। पीएम मोदी कहा आज वीरांगनाओं की इस धरती से मुझे देशभर की बेटियों के लिए एक अहम अभियान शुरू करने का अवसर मिला है। यह अभियान देश की नारीशक्ति को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस मौके पर राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्र व राज्य सरकार के कई मंत्री उपस्थित थे।

सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ लड़ाई में लड़कियों को सुरक्षित बनाना

राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ लड़ाई में देश की लड़कियों को सुरक्षित बनाना और देश की नारीशक्ति को मजबूत करना है। प्रधानमंत्री मोदी ने इसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पहल करार दिया और कहा कि इससे भविष्य में कई जीवन बचाए जा सकते हैं।

राजस्थान में परियोजनाओं का किया शिलान्यास

इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने राजस्थान में कुल 16,686 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें राज्य सरकार के 34 परियोजनाएं शामिल हैं, जिनकी लागत लगभग 8,554 करोड़ रुपये है। इसके अलावा केंद्र सरकार की 9 प्रमुख परियोजनाओं का भी लोकार्पण किया गया, जिनमें राष्ट्रीय राजमार्ग और ऊर्जा विभाग से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं, इनकी लागत करीब 8,132 करोड़ रुपये है।

युवाओं को वितरित किए नियुक्ति पत्र

कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में चयनित 21,863 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। प्रधानमंत्री मोदी ने खुद दो युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *