नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को रफी मार्ग से राजधानी में नई इलेक्ट्रिक डबल डेकर टूरिस्ट बस सेवा ‘देखो मेरी दिल्ली’ को हरी झंडी दिखाकर लॉन्च किया। इस अवसर पर पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने इसे सरकार की दूरदर्शी नीति और सार्वजनिक-निजी सहभागिता (पीपीपी मॉडल) का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री और मंत्री ने संयुक्त रूप से डबल डेकर बस का अनावरण किया। इसके बाद मुख्यमंत्री, मंत्री, मीडिया प्रतिनिधि और अधिकारी बस में सवार होकर रफी मार्ग से इंडिया गेट, अकबर रोड और तीन मूर्ति मार्ग होते हुए प्रधानमंत्री संग्रहालय तक यात्रा की।
विरासत और आधुनिकता का अनुभव
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह पहल दिल्ली को आधुनिक और विश्वस्तरीय पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। दिल्ली की ऐतिहासिक धरोहर के साथ-साथ भारत मंडपम, यशोभूमि, नया संसद भवन, सेंट्रल विस्टा और प्रधानमंत्री संग्रहालय जैसी आधुनिक प्रतिष्ठान राजधानी को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दे रहे हैं।
उन्होंने बताया कि यह बस सेवा पर्यटकों को एक ही यात्रा में दिल्ली की विरासत और आधुनिकता का समग्र अनुभव प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के ‘विकास भी, विरासत भी’ विजन से प्रेरित होकर हमारी सरकार दिल्ली में आधुनिक विकास को गति देने के साथ-साथ ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा लक्ष्य है कि प्रगति और परंपरा, दोनों साथ-साथ आगे बढ़ें। इस शून्य-उत्सर्जन डबल डेकर ई-बस के माध्यम से सतत विकास, हरित परिवहन और स्वच्छ पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।”
63-सीटर डबल डेकर बस: सुविधाएं और पर्यावरण लाभ
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह 63-सीटर बस आधुनिक सुविधाओं, पैनोरमिक अपर डेक और उन्नत सुरक्षा व्यवस्था से लैस है। बस पर्यटकों को आरामदायक और यादगार अनुभव देगी। साथ ही, यह कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि देश-विदेश के पर्यटक इस बस के माध्यम से दिल्ली की विरासत और आधुनिकता का अद्वितीय अनुभव प्राप्त कर सकेंगे, जिससे राजधानी की स्वच्छ, हरित और गतिशील वैश्विक छवि और मजबूत होगी।
ग्लोबल टूरिज्म में दिल्ली की नई पहचान
पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस का शुभारंभ केवल वाहन की शुरुआत नहीं है, बल्कि दिल्ली को ग्लोबल टूरिज्म मैप पर मजबूती से स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि पहले पर्यटन क्षेत्र में विजन और सुविधाओं की कमी और पर्यावरण की अनदेखी के कारण दिल्ली केवल ‘ट्रांजिट सिटी’ तक सीमित थी। अब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली ‘डेस्टिनेशन सिटी’ बन रही है।
कपिल मिश्रा ने कहा कि दिल्ली केवल भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के उन चुनिंदा शहरों में से एक है, जहां 1,200 से अधिक स्मारक मौजूद हैं। यहाँ प्राचीन सभ्यता, ब्रिटिश कालीन विरासत और आधुनिक विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे का अनोखा मिश्रण देखने को मिलता है। इसी दृष्टि से दिल्ली में इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल जैसे वैश्विक आयोजन भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे टूरिज्म, कॉन्सर्ट इकोनॉमी, लाइव एंटरटेनमेंट और क्रिएटर इकोनॉमी को नई गति मिलेगी।
‘देखो मेरी दिल्ली’ बस का मार्ग और संचालन
दिल्ली पर्यटन विभाग ने हिंदुजा कंपनी के सहयोग से यह बस सेवा पूरी तरह इलेक्ट्रिक तकनीक पर आधारित बनाई है। पर्यटन सर्किट का प्रारंभिक स्थल दिल्ली हाट, आईएनए है, जहाँ से बस प्रतिदिन सुबह 9:00 बजे प्रस्थान करेगी। निर्धारित मार्ग में विजय चौक, राष्ट्रपति भवन, नॉर्थ ब्लॉक और साउथ ब्लॉक, नेशनल म्यूजियम, नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट, प्रधानमंत्री संग्रहालय, नेशनल वॉर मेमोरियल और इंडिया गेट शामिल हैं। यात्रा समाप्त होने के बाद बस दोबारा दिल्ली हाट, आईएनए पहुंचेगी।
कैसे मिलेगा टिकट और बुकिंग जानकारी
बस का किराया 500 रुपये (5% GST) है। 5–10 साल के बच्चों के लिए 300 रुपये (5% GST) निर्धारित है, और 5 साल तक के बच्चे मुफ्त यात्रा कर सकते हैं। बुकिंग दिल्ली पर्यटन की आधिकारिक वेबसाइट www.delhitourism.gov.in पर ऑनलाइन की जा सकती है। इसके अलावा सेंट्रल रिजर्वेशन ऑफिस, आईएनए, कनॉट प्लेस, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और अन्य पर्यटन सूचना केंद्रों से ऑफलाइन टिकट उपलब्ध हैं। यह नई डबल डेकर बस दिल्ली के पर्यटन क्षेत्र में आधुनिक, आरामदायक और हरित अनुभव सुनिश्चित करेगी और राजधानी की वैश्विक छवि को और मजबूत बनाएगी।