कांग्रेस पर जमकर बरसे प्रधानमंत्री मोदी ने, कहा- विदेशी मेहमानों के सामने देश बदनाम करने की हुई कोशिश

जयपुर: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी किया। कार्यक्रम में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। इस दौरान पीएम मोदी ने अजमेर के पास कायड़ में आयोजित जनसभा में कांग्रेस पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हाल ही में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हुए ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के दौरान देश को दुनिया भर के मेहमानों के सामने बदनाम करने की कोशिश की।

भारत को बदनाम करके कांग्रेस ले रही है बदला

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पूरे देश में लगातार हार के कारण कांग्रेस गुस्से में है और इसका बदला भारत को बदनाम करके ले रही है। उन्होंने कांग्रेस को ‘मुस्लिम लीगी-माओवादी कांग्रेस’ (एमएमसी) कहकर आलोचना की। पीएम मोदी ने कहा कभी कांग्रेस आईएनसी यानी इंडियन नेशनल कांग्रेस थी, लेकिन अब आईएनसी नहीं रही। आज वह एमएमसी बन गई है। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि मुस्लिम लीग ने भारत को बांटा और माओवादी देश की समृद्धि व संविधान से नफरत करते हैं। मोदी ने कांग्रेस की तुलना इन दोनों से करते हुए कहा कि यह भी घात लगाकर देश को बदनाम करने में लगी रहती है।

एआई इम्पैक्ट समिट में विरोध प्रदर्शन

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस भव्य आयोजन से देशवासियों को गर्व महसूस हो रहा था, लेकिन थक चुकी और निराश कांग्रेस ने विदेशियों के सामने ड्रामा कर देश की छवि खराब करने की कोशिश की। पीएम मोदी ने कहा “दुनिया भर के मेहमानों के सामने कांग्रेस ने देश को बदनाम करने का पूरा ड्रामा किया।”

भारतीय सेना ने हर मोर्चे पर किया है करारा प्रहार

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश को बदनाम करना और सेना को कमजोर करना कांग्रेस की पुरानी आदत रही है। उन्होंने बताया कि बीते 11 वर्षों में भारतीय सेना ने हर मोर्चे पर करारा प्रहार किया है। सर्जिकल स्ट्राइक से लेकर ऑपरेशन सिंदूर तक हमारी सेना ने वीरता का लोहा मनवाया। लेकिन कांग्रेस नेताओं ने हमेशा इसके झूठ को बढ़ावा दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश के लिए जो भी अच्छा है, जो भी देशवासियों के लिए भला करता है, कांग्रेस उसका विरोध करती है। इसी कारण, आज देश कांग्रेस को सबक सिखा रहा है।

पेपर लीक पर की जा रही है सख्त कार्रवाई

पीएम मोदी ने राजस्थान में भाजपा सरकार के दो साल के कार्यकाल की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि राज्य अब विकास के नए पथ पर अग्रसर है। उन्होंने बताया कि पेपर लीक पर सख्त कार्रवाई की जा रही है और दोषियों को सजा मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *