कुरुक्षेत्र: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश भर में आज HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र में HPV टीकाकरण अभियान कार्यक्रम में शिरकत की और प्रदेशवासियों को अभियान की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह अभियान देशभर में लड़कियों और महिलाओं के स्वस्थ भविष्य को सुनिश्चित करने के लिए शुरू किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना भविष्य की स्वस्थ नींव रखने में अहम भूमिका निभाएगी।
सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज हरियाणा में HPV वैक्सीन के टीकाकरण अभियान का शुभारंभ हुआ। उन्होंने बताया कि आज प्रदेश की 50 बेटियों को यहां वैक्सीन लगाई जा रही है और आने वाले तीन महीनों में हर पात्र बालिका तक यह सुरक्षा कवच पहुंचाने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित और वैज्ञानिक शोध पर आधारित है और विश्व के लगभग 160 देशों में इसका प्रयोग हो रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि स्वास्थ्य कर्मी पूरी सावधानी और चिकित्सा व्यवस्था के साथ अभियान को तेजी से क्रियान्वित कर रहे हैं।
स्वास्थ्य और भविष्य के लिए महत्वपूर्ण कदम
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस वैक्सीन के माध्यम से सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा कम किया जा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि हर बालिका को टीकाकरण का डिजिटल प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा और राज्य सरकार द्वारा यह टीका निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। सैनी ने प्रधानमंत्री मोदी की अन्य योजनाओं का भी उल्लेख किया, जैसे कि 2015 में पानीपत से शुरू किया गया ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान और मध्य प्रदेश से स्वास्थ्य नारी सशक्त परिवार योजना।
अभियान का उद्देश्य
इस पहल का मुख्य उद्देश्य है कि हरियाणा की लड़कियों और महिलाओं को सुरक्षित और स्वस्थ जीवन दिया जा सके और भविष्य में स्वास्थ्य संबंधी गंभीर जोखिमों से बचाया जा सके। राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग इस अभियान को तेजी और पूर्ण सावधानी के साथ लागू कर रहे हैं।