सुप्रीम कोर्ट से झटका खाने के बाद और आग बबूला हुए ट्रम्प, 10 की जगह अब लगा दिया 15 फीसदी टैक्स

Donald Trump, US President

वाशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को घोषणा की कि वह सभी देशों पर 15 प्रतिशत का वैश्विक आयात शुल्क लगाएंगे। इससे एक दिन पहले उन्होंने 10 प्रतिशत अस्थायी शुल्क लागू करने का ऐलान किया था। हालांकि, व्हाइट हाउस ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि नई दर को लागू करने के आदेश पर राष्ट्रपति कब हस्ताक्षर करेंगे।

यह घोषणा ऐसे समय में आई है जब अमेरिकी उच्चतम न्यायालय ने शुक्रवार को छह-तीन के बहुमत से फैसला सुनाते हुए ट्रंप द्वारा 1977 के ‘इंटरनेशनल इमरजेंसी इकोनॉमिक पावर्स एक्ट’ (IEEPA) के तहत लगाए गए आयात शुल्क को अवैध ठहराया। अदालत ने कहा कि इस कानून के तहत राष्ट्रपति को आयात पर कर लगाने का अधिकार नहीं है।

इस फैसले के बाद ट्रंप ने 24 फरवरी से 150 दिनों के लिए भारत सहित सभी देशों पर 10 प्रतिशत शुल्क लगाने की घोषणा की थी, जिसे अब बढ़ाकर 15 प्रतिशत करने की बात कही गई है।

ट्रंप की तीखी प्रतिक्रिया

राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को “हास्यास्पद, खराब ढंग से लिखा गया और असाधारण रूप से अमेरिका विरोधी” बताया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय पूरी समीक्षा के आधार पर लिया गया है और आने वाले महीनों में ट्रंप प्रशासन नए तथा कानूनी रूप से स्वीकार्य शुल्क निर्धारित करेगा।

ट्रंप ने यह भी कहा कि अन्य संघीय कानूनों के तहत भी शुल्क लगाने की प्रक्रिया जारी है, जिसके लिए वाणिज्य विभाग की समीक्षा आवश्यक होगी। उन्होंने कहा, “आने वाले महीनों में नए शुल्क लागू किए जाएंगे, जो ‘अमेरिका को पुनः महान बनाने’ की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएंगे।”

भारत की प्रतिक्रिया

अमेरिका के 10 प्रतिशत शुल्क के ऐलान पर भारत सरकार ने कहा है कि वह इन शुल्कों और उनके संभावित प्रभावों का अध्ययन कर रही है। वाणिज्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फैसले और राष्ट्रपति ट्रंप की घोषणाओं से जुड़े सभी घटनाक्रमों पर नजर रखी जा रही है।

133 अरब डॉलर की वसूली और संभावित रिफंड

अमेरिकी सीमा शुल्क एजेंसी के अनुसार, दिसंबर तक IEEPA के तहत जारी आदेशों के माध्यम से 133 अरब डॉलर की वसूली की गई है। जानकारों का मानना है कि इस राशि का रिफंड आयातकों को मिल सकता है, हालांकि आम उपभोक्ताओं को इसका सीधा लाभ मिलना मुश्किल है, क्योंकि कंपनियों ने बढ़े हुए शुल्क का बोझ कीमतों में वृद्धि के जरिए ग्राहकों पर डाल दिया था।

वैश्विक व्यापार पर असर की आशंका

ट्रंप के इस कदम से वैश्विक व्यापार पर व्यापक प्रभाव पड़ने की संभावना है। यदि 15 प्रतिशत का वैश्विक शुल्क लागू होता है, तो भारत समेत कई देशों के निर्यात पर इसका असर पड़ सकता है। फिलहाल दुनिया भर की नजरें व्हाइट हाउस के आधिकारिक आदेश पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *