T-20 World Cup: टी20 विश्व कप 2026 में भारत को बड़ा झटका लगा है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए सुपर 8 के महत्वपूर्ण मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने टीम इंडिया को 76 रनों से करारी शिकस्त दी। यह हार भारत की 12 मैचों की लगातार जीत की लय को तोड़ने वाली रही, जो टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही थी। अब सेमीफाइनल की राह मुश्किल हो गई है, क्योंकि नेट रन रेट भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी और 20 ओवर में 7 विकेट पर 187 रन बनाए। शुरुआत में अफ्रीकी टीम भी लड़खड़ा गई थी और 20 रन पर 3 विकेट खो दिए थे,लेकिन डेविड मिलर ने कमाल का प्रदर्शन किया। मिलर ने 35 गेंदों में 63 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल थे। उन्होंने डेवाल्ड ब्रेविस (45 रन, 29 गेंद) के साथ चौथे विकेट के लिए 97 रनों की मजबूत साझेदारी की। ट्रिस्टन स्टब्स ने नाबाद 44 रन बनाकर अंत में तेजी दिखाई। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी की और 15 रन देकर तीन विकेट लिए, लेकिन अन्य गेंदबाज़ दबाव नहीं बना सके।
भारत का टॉप ऑर्डर रहा फेल
188 रनों का लक्ष्य हासिल करने उतरी भारत की पारी पूरी तरह फ्लॉप रही। पावरप्ले में ही 31 रन पर 3 विकेट गंवा दिए। अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और तिलक वर्मा जल्दी आउट हो गए। सूर्यकुमार यादव (कप्तान) और हार्दिक पंड्या भी बड़ा स्कोर नहीं बना सके। शिवम दुबे ने अकेले संघर्ष किया और 37 गेंदों में 42 रन बनाए, लेकिन यह काफी नहीं था। मार्को जैनसेन ने कमाल की गेंदबाजी की और 22 रन पर 4 विकेट लेकर भारत को ध्वस्त किया। केशव महाराज ने 3/24 और कोर्बिन बोश ने 2/12 विकेट झटके। लुंगी एनगिडी ने भी किफायती गेंदबाजी की और ओवर में सिर्फ 15 रन दिए । भारत 18.5 ओवर में 111 रन पर ऑलआउट हो गया।
भारत की बढ़ी मुश्किल
यह भारत की टी20 विश्व कप इतिहास की सबसे बड़ी हारों में से एक है। साउथ अफ्रीका की यह जीत उन्हें ग्रुप 1 में मजबूत स्थिति में ला खड़ा करती है, जबकि भारत को अब बाकी दोनों मैचों (वेस्ट इंडीज और जिम्बाब्वे के खिलाफ) में बड़ी जीत दर्ज करनी होगी, वरना सेमीफाइनल की उम्मीदें लगभग खत्म हो सकती हैं। मैच के बाद डेविड मिलर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। भारतीय टीम को अब जल्दी रिकवर करना होगा, क्योंकि घरेलू मैदान पर ऐसी हार फैंस के लिए भी निराशाजनक था।