लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मेरठ में लगभग 12,930 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि “हमारी कार्य-संस्कृति यह सुनिश्चित करती है कि परियोजनाओं की नींव रखने के बाद वे समय पर पूरी हों। प्रधानमंत्री मोदी ने मेरठ के शताब्दी नगर स्थित नमो भारत स्टेशन पर मेरठ मेट्रो और नमो भारत रैपिड रेल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकार की कार्य-संस्कृति को दर्शाता है। हमारी कार्य-संस्कृति है कि जिस कार्य का शिलान्यास किया जाए, उसे पूरा करने के लिए हम दिन-रात एक कर देते हैं।”
मेरठ की धरती पर ‘विकसित भारत’ की नई क्रांति
पीएम मोदी ने बाबा औघड़नाथ को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की और कहा इस पावन धरती पर, मेरठ की क्रांति भूमि पर, आज ‘विकसित उत्तर प्रदेश, विकसित भारत’ के लिए नई क्रांति को ऊर्जा मिल रही है यह दिन भारतीय परिवहन और कनेक्टिविटी के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगा।
कनेक्टिविटी और सुरक्षा में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
प्रधानमंत्री मोदी ने नमो भारत रैपिड रेल और मेट्रो सेवा के उद्घाटन को लेकर कहा, “यह पहली बार है जब एक ही मंच से इन दोनों सेवाओं का शुभारंभ हुआ है। यह विकसित भारत की कनेक्टिविटी का शानदार उदाहरण है।” उन्होंने यह भी कहा कि इस परियोजना से मेरठ और आसपास के क्षेत्रों में परिवहन के तरीके में व्यापक बदलाव आएगा और यात्रा को सुविधाजनक और सुरक्षित बनाया जाएगा।
बेटियों की भागीदारी की सराहा
पीएम मोदी ने मेरठ मेट्रो की अपनी यात्रा का अनुभव साझा करते हुए कहा, “कुछ देर पहले मेट्रो में सफर किया, छात्रों और यात्रियों से बातचीत हुई, सबका यही कहना था कि इतने शानदार काम की कल्पना भी नहीं की थी।” उन्होंने बताया कि पहले जहां शाम होते ही मार्ग सुनसान हो जाते थे, अब कानून व्यवस्था में सुधार और सुरक्षित यात्रा के माहौल ने इस क्षेत्र का कायापलट कर दिया है।
उन्होंने इस अवसर पर बेटियों की भूमिका की सराहना की और कहा, “आजकल महिला यात्रियों के लिए सुविधाएं और सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही हैं। यह विकास केवल पुरुषों तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाएं और बेटियां भी इसके लाभार्थी हैं।”
कांग्रेस सरकार पर कसा तंज
प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “कांग्रेस सरकार के दौरान देश भर में केवल पांच शहरों में मेट्रो चालू थी, जबकि भाजपा सरकार में मेट्रो सेवाओं का विस्तार 25 से अधिक शहरों तक हो गया है। यह भाजपा सरकार की विकास कार्यों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।”
मेरठ से विशेष रिश्ता
प्रधानमंत्री मोदी ने मेरठ, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के लोगों को देश की पहली नमो भारत रैपिड रेल सेवा और मेरठ मेट्रो के उद्घाटन के लिए बधाई दी और कहा, “मेरठ की इस धरती से मेरा विशेष संबंध रहा है। 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों की शुरुआत मैंने मेरठ से ही की थी। प्रधानमंत्री मोदी ने इस परियोजना को उत्तर प्रदेश के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम बताया और कहा कि यह न केवल मेरठ बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के लिए एक नया अवसर लाएगा। उनके मुताबिक, यह परियोजना राज्य के शहरी परिवहन को पूरी तरह से बदलने में मदद करेगी, साथ ही सुरक्षा और सुलभता में भी सुधार होगा।