नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डी सिल्वा के साथ महत्वपूर्ण वार्ता की। बैठक का मुख्य फोकस खनिज और सुरक्षा क्षेत्रों पर था। दोनों देशों ने अगले पांच वर्षों में 20 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक के द्विपक्षीय व्यापार का लक्ष्य तय किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति लूला की दूरदर्शी सोच और प्रेरणादायक नेतृत्व से भारत और ब्राजील के बीच संबंधों को लंबे समय से लाभ मिलता रहा है।
भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार
पीएम मोदी ने कहा कि ब्राजील लातिन अमेरिका में भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। उन्होंने कहा हम अगले पांच वर्षों में भारत-ब्राजील व्यापार को 20 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।प्रधानमंत्री ने जोर दिया कि जब भारत और ब्राजील मिलकर काम करते हैं, तो ‘ग्लोबल साउथ’ की आवाज मजबूत होती है।
आतंकवाद और वैश्विक सहयोग
प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों देशों के आतंकवाद के खिलाफ सहयोग पर भी बात की। उन्होंने कहा कि आतंकवाद और इसके समर्थक पूरी मानवता के दुश्मन हैं और इस चुनौती से निपटने में भारत और ब्राजील एकजुट हैं। उन्होंने दोहराया कि यह साझेदारी केवल व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि सुरक्षा, खनिज और वैश्विक मुद्दों पर भी भारत-ब्राजील सहयोग को मजबूत करेगी। बैठक के बाद दोनों देशों ने अपने संबंधों को और गहरा करने, व्यापारिक लक्ष्यों को हासिल करने और वैश्विक स्तर पर साझा हितों को मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की।