चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब में नशे की समस्या को लेकर राज्य की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार नशा-विरोधी अभियान के नाम पर अखबारों में विज्ञापनों पर पैसा खर्च कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर ठोस कार्रवाई नहीं कर रही।
अमृतसर में आयोजित ‘पंजाब बचाओ’ रैली को संबोधित करते हुए सीएम सैनी ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और आपराधिक गिरोहों की गतिविधियां बढ़ रही हैं। पंजाब में “अब कोई भी सुरक्षित महसूस नहीं करता। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में “गैंगस्टर संस्कृति” पनप रही है, जिसे समाप्त करने के लिए सख्त कदम जरूरी हैं।
कानून-व्यवस्था और गैंगस्टर संस्कृति पर निशाना
सीएम सैनी ने कहा, “मैंने देखा है कि पंजाब में केवल अखबारों में ऐसे विज्ञापन देने पर पैसा खर्च किया जा रहा है, जिनमें दावा किया गया है कि आप सरकार नशीले पदार्थों का खात्मा करेगी। लेकिन हकीकत में हालात अलग हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नशीले पदार्थों की बढ़ती आपूर्ति राज्य के युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बन चुकी है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से 2027 के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को समर्थन देने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि 2027 में पंजाब में भाजपा की सरकार बनती है तो “गैंगस्टर संस्कृति का सफाया” कर कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।