ICC T20 World Cup 2026: आज भारत- पाकिस्तान का महामुकाबला, बारिश पर टिकी नजरें

ICC T20 World Cup 2026:(कोलंबो): भारत और पाकिस्तान के बीच आज होने वाला हाई-वोल्टेज मुकाबला क्रिकेट प्रशंसकों के लिए किसी त्योहार से कम नहीं है। दोनों टीमें आर. प्रेमदासा स्टेडियम में आमने-सामने होंगी, लेकिन इस बड़े मैच पर मौसम का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार दिन के समय तेज बारिश की संभावना है, हालांकि शाम तक हालात में सुधार हो सकता है। ऐसे में मैच के पूरे 20 ओवर खेले जाने को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

शानदार लय में दोनों टीमें

टूर्नामेंट में भारत ने दमदार शुरुआत की है। डिफेंडिंग चैंपियन टीम ने पहले अमेरिका को हराया और फिर नामीबिया को 93 रनों से करारी शिकस्त देकर अपनी ताकत का एहसास कराया। बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज दिखाया, जबकि गेंदबाजों ने विपक्षी टीम को संभलने का मौका नहीं दिया।

वहीं पाकिस्तान ने भी सकारात्मक प्रदर्शन किया है। नीदरलैंड के खिलाफ शुरुआती मैच में टीम को कड़ी टक्कर मिली, लेकिन करीबी जीत ने उसका आत्मविश्वास बढ़ाया। इसके बाद अमेरिका के खिलाफ मिली आसान जीत ने टीम संयोजन को और मजबूत किया है।

बारिश हुई तो क्या होगा?

अगर मौसम ने साथ नहीं दिया तो आईसीसी के नियम लागू होंगे। किसी भी टी20 मुकाबले का परिणाम निकालने के लिए दोनों टीमों का कम से कम पांच-पांच ओवर खेलना जरूरी है। यदि लगातार बारिश के कारण यह संभव नहीं हो पाता, तो मैच रद्द घोषित कर दिया जाएगा। ग्रुप स्टेज में रिजर्व डे नहीं है, ऐसे में दोनों टीमों को एक-एक अंक से संतोष करना पड़ेगा।

मुकाबले के धुलने की स्थिति में ब्रॉडकास्टर को विज्ञापन राजस्व में नुकसान उठाना पड़ सकता है। साथ ही दर्शकों को टिकट रिफंड देना पड़ सकता है। अब सभी की नजरें आसमान पर टिकी हैं और फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि मौसम मेहरबान होगा और एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *