गुवाहाटी: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को गुवाहाटी में भाजपा रैली में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने पूर्वोत्तर की उपेक्षा की और अपने शासनकाल में असम में उग्रवाद को बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश की सुरक्षा को खतरे में डाला और राज्य में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा किया।
पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ध्रुवीकरण और वोट बैंक की राजनीति में लिप्त रही। उन्होंने कहा कि पार्टी ने अपने कार्यकाल में असम में निर्णय ऐसे लिए, जिनसे हिंसा और असुरक्षा को बढ़ावा मिला। प्रधानमंत्री ने कहा, “देश का विभाजन मुस्लिम लीग के कारण हुआ था, लेकिन अब ‘एमएमसी’ माओवादी, मुस्लिम, कांग्रेस जनता को इनके बारे में जागरूक होना चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने घुसपैठियों को संरक्षण दिया, जबकि भाजपा अवैध अप्रवासन को रोकने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अगले पांच साल असम की दिशा तय करने में निर्णायक साबित होंगे।
कांग्रेस अब पहले से भी अधिक हो गई है खतरनाक
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने सात दशकों में ब्रह्मपुत्र नदी पर केवल तीन पुल बनाए, जबकि भाजपा सरकार ने पिछले दस वर्षों में पांच नए पुलों का निर्माण किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के प्रयासों से असम में चौतरफा विकास हो रहा है और राज्य के नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार हो रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि दस वर्षों से सत्ता से बाहर रहने के कारण कांग्रेस अब पहले से भी अधिक खतरनाक हो गई है। उन्होंने कहा कि इसके नेता जहरीले बयान देकर राज्य और देश में अशांति फैला रहे हैं।