नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को पंजाब के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान पीएम मोदी हलवारा हवाई अड्डे के नए सिविल टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही वह आदमपुर हवाई अड्डे का नाम संत रविदास के नाम पर रखने की घोषणा भी करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से जारी बयान में यह जानकारी दी गई।
पीएमओ के बयान में कहा गया कि संत गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती के शुभ अवसर पर आदमपुर हवाई अड्डे का नामकरण ‘‘श्री गुरु रविदास जी हवाई अड्डा’’ किया जाएगा। यह कदम पूजनीय संत और समाज सुधारक संत रविदास को श्रद्धांजलि है, जिनकी समानता, करुणा और मानवीय गरिमा की शिक्षाएं भारत के सामाजिक मूल्यों को प्रेरित करती रही हैं। प्रधानमंत्री मोदी रविवार को आदमपुर हवाई अड्डे पहुंचकर नए नाम का औपचारिक अनावरण करेंगे।
पंजाब की विमानन अवसंरचना को मिलेगा बढ़ावा
बयान के अनुसार, हलवारा हवाई अड्डे का नया सिविल टर्मिनल पंजाब के लिए एक नया प्रवेश द्वार साबित होगा। इससे लुधियाना और आसपास के औद्योगिक व कृषि क्षेत्रों की कनेक्टिविटी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी। लुधियाना जिले के हलवारा में भारतीय वायुसेना का एक रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्टेशन भी स्थित है।
बड़े विमानों की आवाजाही होगी संभव
बता दें कि पहले लुधियाना का हवाई अड्डा छोटा रनवे होने के कारण सीमित क्षमता वाले विमानों के लिए ही उपयुक्त था। कनेक्टिविटी में सुधार और बड़े विमानों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए हलवारा में एक नया सिविल एन्क्लेव विकसित किया गया है। इसका रनवे लंबा है और यह ए320 जैसे विमानों के संचालन में सक्षम है।
हरित और ऊर्जा-दक्ष सुविधाएं
पीएमओ ने बताया कि प्रधानमंत्री के पर्यावरण के प्रति उत्तरदायी विकास दृष्टिकोण के अनुरूप, नए टर्मिनल में कई हरित और ऊर्जा-दक्ष सुविधाएं शामिल की गई हैं। इनमें एलईडी लाइटिंग, इन्सुलेटेड छत, वर्षा जल संचयन प्रणाली, सीवेज और जल शोधन संयंत्र तथा भूदृश्य निर्माण के लिए पुनर्चक्रित जल का उपयोग शामिल है।
टर्मिनल का स्थापत्य डिजाइन पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है, जिससे यात्रियों को एक विशिष्ट और क्षेत्रीय पहचान से जुड़ा यात्रा अनुभव मिलेगा।