महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि: राष्ट्रपति मुर्मू PM मोदी सहित कई केंद्रीय मंत्री ने राजघाट में दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजघाट स्मारक पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई केंद्रीय मंत्री और गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।

राजघाट स्मारक परिसर में उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों ने महात्मा गांधी की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा और पुष्प अर्पित कर राष्ट्रपिता को नमन किया। पूरा वातावरण श्रद्धा और शांति से भरा रहा।

सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित

बता दें कि श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद राजघाट पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान गांधीजी के प्रिय भजन “रघुपति राघव राजा राम” सहित कई भक्ति गीत गाए गए। विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों ने सभा में भाग लिया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर शत-शत नमन। उन्होंने कहा कि पूज्य बापू का स्वदेशी पर दिया गया बल विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का आधारस्तंभ है और उनका जीवन देशवासियों को सदैव कर्तव्य पथ पर चलने की प्रेरणा देता रहेगा।

मनोहर लाल ने महात्मा गांधी को अर्पित किए श्रद्धासुमन

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने भी राजघाट में सर्वधर्म प्रार्थना सभा में शामिल होकर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के साथ महात्मा गांधी को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि गांधीजी का जीवन मानवता, करुणा और तपस्या का अनुपम उदाहरण है, जिसकी प्रेरणा युगों तक राष्ट्रीय चेतना और सामाजिक संवेदना को आलोकित करती रहेगी।

मोहनदास करमचंद गांधी भारत के स्वतंत्रता संग्राम के प्रमुख नेता थे। 30 जनवरी 1948 को दिल्ली में नाथूराम गोडसे द्वारा उनकी हत्या कर दी गई थी। उनकी पुण्यतिथि देशभर में शहीद दिवस के रूप में मनाई जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *