डिप्टी CM अजित पवार को अंतिम विदाई देने पहुंचे अमित शाह, बोले- राजनीति में बना शून्य जल्द नहीं भरेगा

Amit Shah attends Ajit Pawar funeral: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को कहा कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के असामयिक निधन से राज्य की राजनीति में ऐसा शून्य उत्पन्न हो गया है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं होगी। अमित शाह ने बारामती में आयोजित अजित पवार के अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। अजित पवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ विद्या प्रतिष्ठान कॉलेज के मैदान में अंतिम विदाई दी गई। यह कॉलेज पवार परिवार द्वारा स्थापित किया गया है।

दादा’ के नाम से थे लोकप्रिय

अजित पवार, जिन्हें लोग स्नेह से ‘दादा’ कहकर संबोधित करते थे, बुधवार को एक चार्टर्ड विमान दुर्घटना में मारे गए थे। इस हादसे में उनके साथ चार अन्य लोगों की भी मौत हो गई थी। यह दुर्घटना बारामती हवाई अड्डे के पास उस समय हुई, जब विमान लैंडिंग का प्रयास कर रहा था।

अमित शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा अजित पवार जी के अंतिम दर्शन कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। समाज और जनता के लिए समर्पित अजित पवार जी के असामयिक निधन से महाराष्ट्र की राजनीति में एक ऐसी शून्यता उत्पन्न हुई है, जिसकी भरपाई लंबे समय तक संभव नहीं होगी।

अजित पवार के अंतिम संस्कार में परिवार के सदस्यों, पार्टी नेताओं, राजनीतिक हस्तियों और बड़ी संख्या में समर्थकों की मौजूदगी रही। राजकीय सम्मान के तहत उन्हें सलामी दी गई और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल देखने को मिला। अजित पवार के निधन से महाराष्ट्र ही नहीं, बल्कि देश की राजनीति में भी शोक की लहर है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने उन्हें एक कुशल प्रशासक और जननेता के रूप में याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *