असम के दौरे पर है गृह मंत्री अमित शाह, 1715 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण

Amit Shah Assam Projects: (गुवाहाटी): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने असम के डिब्रूगढ़ में शुक्रवार को 1,715 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और आधारशिला रखी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, राज्य के सांसद और विधायक, मंत्रिमंडल सदस्य तथा वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

दूसरा विधानसभा परिसर और विधायक हॉस्टल

शाह ने डिब्रूगढ़ को दूसरे प्रशासनिक केंद्र के रूप में स्थापित करने के तहत 284 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले तीन मंजिला दूसरे विधानसभा भवन और नौ मंजिला विधायक हॉस्टल की आधारशिला रखी। परियोजना में 800 सीट वाला सभागार और सुरक्षा कर्मियों के लिए बैरक भी बनाया जाएगा।

आधुनिक खेल परिसर का किया उद्घाटन

अमित शाह ने 238 करोड़ रुपये की लागत से बने खेल परिसर के पहले चरण का उद्घाटन किया और 209 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाले दूसरे चरण की आधारशिला रखी। पहले चरण में इनडोर स्टेडियम, स्विमिंग पूल, फुटबॉल मैदान, टेनिस, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल कोर्ट तथा हॉस्टल शामिल हैं। दूसरे चरण में 30,000 दर्शकों की अतिरिक्त बैठने की क्षमता, केंद्रीय खेल मैदान और एथलेटिक ट्रैक बनाए जाएंगे।

वन्यजीव स्वास्थ्य एवं अनुसंधान केंद्र की रखी आधारशिला

शाह ने 292 करोड़ रुपये की लागत से वन्यजीव स्वास्थ्य और अनुसंधान केंद्र की आधारशिला भी रखी। इस केंद्र में आधुनिक प्रयोगशाला, प्रशिक्षण इकाइयां, शैक्षणिक और प्रशासनिक ब्लॉक, संग्रहालय, क्लीनिकल ब्लॉक और विकिरण सुविधाओं वाली प्रयोगशाला शामिल होंगी।

आर्द्रभूमि पुनरुद्धार की शुरू परियोजना

गृह मंत्री ने राष्ट्रीय आपदा न्यूनीकरण कोष के तहत नौ जिलों की 15 आर्द्रभूमियों के जीर्णोद्धार और पुनरुद्धार के लिए 692 करोड़ रुपये की परियोजना भी शुरू की। इसका उद्देश्य बाढ़ के जोखिम को कम करना, जल धारण क्षमता बढ़ाना और ब्रह्मपुत्र बेसिन में समग्र बाढ़ प्रबंधन को सुदृढ़ करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *