हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

Weather update in Himachal Pradesh(शिमला): हिमाचल प्रदेश में हाल ही में हुई भारी बर्फबारी के कारण राज्यभर में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। तीन राष्ट्रीय राजमार्गों सहित करीब 655 सड़कें अब भी यातायात के लिए बंद हैं, जिससे कई इलाकों का संपर्क टूट गया है।

कई जिलों में सड़क संपर्क ठप

राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के अनुसार, लाहौल और स्पीति जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-03 (लेह–मनाली) और एनएच-505 (काजा–ग्रामफू) सहित कुल 287 सड़कें बंद हैं। इसके अलावा, शिमला में 135, कुल्लू में एनएच-305 (औट–लुहरी–सैंज) सहित 81, मंडी में 77, चंबा में 40, किन्नौर में 27, सिरमौर और ऊना में तीन-तीन तथा कांगड़ा जिले में दो सड़कें अवरुद्ध हैं।

बिजली आपूर्ति भी प्रभावित

भारी बर्फबारी के चलते राज्य में 669 ट्रांसफार्मर अभी भी खराब हैं, जिससे हजारों घरों में बिजली आपूर्ति बाधित है। इनमें कुल्लू में 216, शिमला में 214, चंबा में 104, मंडी में 94, लाहौल और स्पीति में 22, सिरमौर में 13 और किन्नौर में छह ट्रांसफार्मर शामिल हैं।

ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी

इस बीच, राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों जैसे किन्नौर, लाहौल और स्पीति में हल्की बर्फबारी और बारिश दर्ज की गई, जबकि अन्य हिस्सों में मौसम अधिकांशतः साफ बना रहा।

मौसम विभाग का अलर्ट

मौसम विभाग ने 30 जनवरी को राज्य के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी और बारिश की संभावना जताई है। साथ ही, 31 जनवरी से तीन फरवरी के बीच राज्य में भारी बर्फबारी और बारिश के एक और दौर की चेतावनी दी गई है।
विभाग ने एक फरवरी के लिए भारी बर्फबारी और बारिश को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।

इसके अलावा, 30 जनवरी को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों के लिए घने कोहरे और शीत लहर को लेकर भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *