UP में SIR के बाद ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी: 2.89 करोड़ नाम हटाए गए

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) प्रक्रिया पूरी होने के बाद आज चुनाव आयोग ने ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी। इस सूची में बड़े पैमाने पर बदलाव देखने को मिले हैं, जिसमें करीब 2 करोड़ 89 लाख मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। पहले राज्य में कुल 15 करोड़ 44 लाख मतदाता थे, जो अब घटकर 12 करोड़ 55 लाख रह गए हैं। यह छंटनी कुल मतदाताओं का लगभग 18.7 प्रतिशत है, जो देश में सबसे ज्यादा है।

आयोग ने दी जानकारी

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि SIR के दौरान घर-घर जाकर सत्यापन किया गया, जिसमें 12 करोड़ 55 लाख से ज्यादा गणना प्रपत्र जमा हुए। हटाए गए नामों में मुख्य कारण मृतक मतदाता (46.23 लाख), स्थायी रूप से स्थानांतरित हुए लोग (लगभग 2.17 करोड़), डुप्लीकेट एंट्री (25.47 लाख) और अनुपस्थित/ट्रेस न होने वाले मतदाता शामिल हैं। सबसे ज्यादा नाम बड़े शहरों जैसे लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर और गाजियाबाद से कटे हैं।

आयोग ने प्रक्रिया को बताया पारदर्शी

यह प्रक्रिया 2002-2004 के बाद पहली बार इतने बड़े स्तर पर की गई है, ताकि मतदाता सूची को साफ-सुथरा बनाया जा सके। चुनाव आयोग का कहना है कि यह पारदर्शी और समावेशी प्रक्रिया है, जिसमें कोई पात्र मतदाता छूटे नहीं। हालांकि, विपक्षी दलों ने इसे लेकर सवाल उठाए हैं और राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है।

6 फ़रवरी तक कर सकेंगे दावा

अब दावे-आपत्तियां दर्ज करने का समय शुरू हो गया है। 6 फरवरी 2026 तक मतदाता फॉर्म 6 (नया नाम जोड़ने), फॉर्म 7 (नाम हटाने) या फॉर्म 8 (सुधार) भरकर ऑनलाइन (voters.eci.gov.in) या ऑफलाइन BLO के पास जमा कर सकते हैं। नाम कटने वालों को नोटिस भेजा जाएगा और दस्तावेज सत्यापन के बाद नाम बहाल हो सकता है। अंतिम मतदाता सूची 6 मार्च 2026 को जारी होगी।

ऐसे चेक करें सूची में नाम

मतदाता अपनी सूची चेक करने के लिए ceouttarpradesh.nic.in या voters.eci.gov.in पर EPIC नंबर या डिटेल्स से सर्च कर सकते हैं। आयोग ने अपील की है कि सभी मतदाता अपनी डिटेल्स जरूर चेक करें। यह बदलाव 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी का हिस्सा माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *