जनता दर्शन में CM योगी ने सुनीं समस्याएं, फरियादियों के लिए ठंड में रैन बसेरों की व्यवस्था का दिया निर्देश

CM Yogi listened problems: (लखनऊ): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि ठंड में आने वाले फरियादियों के लिए रैन बसेरों में ठहरने की उचित व्यवस्था की जाए। मुख्यमंत्री ने पांच कालिदास मार्ग स्थित अपने सरकारी आवास पर ‘जनता दर्शन’ किया और प्रदेश भर से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रार्थना पत्र लेकर संबंधित अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए।

रैन बसेरों में सुविधाएं सुनिश्चित करें

मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ में ‘जनता दर्शन’ में बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं और वे अक्सर एक दिन पहले ही राजधानी पहुंच जाते हैं। उन्होंने प्रशासन को रैन बसेरों का नियमित निरीक्षण करने और फरियादियों को सुविधाजनक रहने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

स्थानीय स्तर पर समस्याओं का समाधान

सीएम योगी ने आमजन से अपील की कि वे पहले अपने जिलों के जिलाधिकारी या पुलिस कप्तान से संपर्क करें, ताकि समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान किया जा सके। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस कप्तानों को प्रतिदिन जनता की समस्याएं सुनने और उनका निराकरण कराने का निर्देश भी दिया।

आर्थिक मदद और शिकायतों का निस्तारण

‘जनता दर्शन’ में कुछ लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर आए, जिनके प्रार्थना पत्र मुख्यमंत्री ने लेकर संबंधित अधिकारियों को भेजे। जमीन कब्जे और धान खरीद से जुड़ी शिकायतों पर भी मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाया और प्रशासन को कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि इलाज और अन्य समस्याओं के अभाव में किसी को परेशानी का सामना न करना पड़े। किसानों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा और फरियादियों को ठंड में सुरक्षित रहने की सुविधा मिलती रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *