प्रधानमंत्री मोदी 25 दिसंबर को राष्ट्र प्रेरणा स्थल का करेंगे उद्घाटन, CM योगी ने तैयारियों का लिया जायजा

PM Modi

PM Modi Rashtra Prerna Sthal inauguration: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 25 दिसंबर को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में राष्ट्र नायकों को समर्पित ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को उद्घाटन समारोह की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

राष्ट्र नायकों को समर्पित प्रेरणा स्थल

राज्य सरकार की ओर से जारी बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को समर्पित ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर वे इन राष्ट्र नायकों की प्रतिमाओं का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उद्घाटन समारोह से जुड़ी व्यवस्थाओं, पार्किंग और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दिन किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और सभी तैयारियां समय से पूरी की जाएं।

मुख्यमंत्री के निरीक्षण के समय लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार, लखनऊ के मंडल आयुक्त विजय विश्वास पंत और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे पुलिस आयुक्त अमरेंद्र कुमार सेंगर भी मौजूद थे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को उद्घाटन समारोह से जुड़ी सभी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।

प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्र नायकों की प्रतिमाओं का करेंगे अनावरण

अधिकारियों ने बताया कि उद्घाटन के दिन प्रधानमंत्री मोदी सबसे पहले राष्ट्र नायकों की प्रतिमाओं का अनावरण करेंगे और इसके बाद ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ परिसर में स्थापित संग्रहालय का उद्घाटन करेंगे। इसके पश्चात वे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी को समर्पित गैलरियों तथा ‘कोर्टयार्ड’ का अवलोकन करेंगे।

इसके बाद प्रधानमंत्री संग्रहालय से बाहर निकलकर प्रेरणा स्थल पर बने मंच से एक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। राज्य सरकार के अनुसार, यह स्थल राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले महान व्यक्तित्वों के जीवन और विचारों से नई पीढ़ी को प्रेरणा देने का कार्य करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *