यात्रा के अंतिम चरण में ओमान पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी, हवाई अड्डे पर हुआ भव्य स्वागत

PM Modi Oman visit: (मस्कट): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार को दो दिवसीय यात्रा पर ओमान पहुंचे, जो उनकी तीन देशों की यात्रा का अंतिम चरण है। इस दौरान वे खाड़ी देश के शीर्ष नेतृत्व से बातचीत करेंगे और भारत-ओमान के बीच एक महत्वाकांक्षी व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।

प्रधानमंत्री मोदी ने मस्कट पहुंचने के बाद सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “मैं मस्कट, ओमान पहुंचा हूं। यह भारत के साथ अटूट मित्रता और गहरे ऐतिहासिक संबंधों की भूमि है। यह यात्रा सहयोग के नए रास्ते तलाशने और हमारी साझेदारी को नई गति प्रदान करने का अवसर है।”

हवाई अड्डे पर ओमान के रक्षा मामलों के उप प्रधानमंत्री सैयद शिहाब बिन तारिक अल सईद ने प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रधानमंत्री मोदी ओमान के प्रधानमंत्री सुल्तान हसीम बिन तारिक के निमंत्रण पर इस खाड़ी देश की यात्रा पर हैं।

70 वर्ष के राजनयिक संबंधों का प्रतीक यात्रा

यह प्रधानमंत्री मोदी की ओमान की दूसरी यात्रा है और यह भारत-ओमान के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 70 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हो रही है। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा के तहत इथियोपिया और जॉर्डन का दौरा कर चुके हैं।

भारतीय समुदाय और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

होटल पहुंचने पर भारतीय समुदाय के सदस्यों ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। इस अवसर पर ओमान के स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक प्रस्तुति दी, जबकि भारतीय कलाकारों ने राजस्थान का घूमर, गुजराती गीत, शास्त्रीय नृत्य और कर्नाटक के लोक नृत्य सहित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

व्यापार समझौते को लेकर आशावाद

भारत सरकार ने कहा है कि वह इस यात्रा के दौरान ओमान के साथ एक महत्वाकांक्षी व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने को लेकर “बहुत आशावादी” है। हाल ही में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने भारत-ओमान मुक्त व्यापार समझौते को मंजूरी दी थी। यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी सुल्तान हसीम बिन तारिक के साथ रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के साथ-साथ वाणिज्यिक और आर्थिक संबंधों को आगे बढ़ाने पर चर्चा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *