मस्कट में भारतीय समुदाय से बोले पीएम मोदी, 21वीं सदी का भारत लेता है बड़े फैसले

(मस्कट): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि 21वीं सदी का भारत बड़े और साहसिक फैसले लेने वाला देश है, जो स्पष्ट लक्ष्य तय कर समयबद्ध तरीके से परिणाम देने में सक्षम है। वह ओमान की राजधानी मस्कट में भारतीय समुदाय को संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री दो दिवसीय यात्रा पर ओमान पहुंचे हैं।

मैत्री पर्व’ में प्रवासी भारतीयों से संवाद

‘मैत्री पर्व’ कार्यक्रम में भारतीय छात्रों और प्रवासी समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “21वीं सदी का भारत साहसिक और त्वरित फैसले लेता है, बड़े लक्ष्यों के साथ आगे बढ़ता है और तय समयसीमा के भीतर परिणाम देता है।” उन्होंने कहा कि आज भारत आत्मविश्वास के साथ वैश्विक मंच पर अपनी भूमिका निभा रहा है।

दीपावली को यूनेस्को की मान्यता

प्रधानमंत्री ने हाल ही में यूनेस्को द्वारा दीपावली को मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की सूची में शामिल किए जाने के फैसले की सराहना की। उन्होंने कहा, “अब हमारा दीया केवल हमारे घरों को ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व को रोशन करेगा।” उन्होंने इसे सभी भारतीयों के लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि यह मान्यता आशा, सौहार्द और मानवता के सार्वभौमिक संदेश की पहचान है।

भारत–ओमान के ऐतिहासिक संबंध

भारत और ओमान के संबंधों पर प्रकाश डालते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देश केवल भौगोलिक रूप से ही नहीं, बल्कि पीढ़ियों से सांस्कृतिक और व्यापारिक रूप से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा, “हमारी विविधता हमारी संस्कृति की मजबूत नींव है। हर परंपरा अपने साथ नया विचार लेकर आती है।”

प्रवासी भारतीयों की भूमिका

प्रधानमंत्री ने प्रवासी भारतीय समुदाय को सह-अस्तित्व और सहयोग का जीवंत उदाहरण बताते हुए कहा, “आप सदियों पुराने भारत–ओमान संबंधों के सबसे बड़े संरक्षक हैं। युवाओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “बड़े सपने देखें, गहराई से सीखें और साहसपूर्वक कुछ नया करें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *