(नई दिल्ली): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) संसदीय दल की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सरकार का तीसरा कार्यकाल आम लोगों की जिंदगी को आसान बनाने पर केंद्रित रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी कानून या नियम का उद्देश्य लोगों को परेशान करना नहीं होना चाहिए। पीएम मोदी ने कहा कि नियम और कानून नागरिकों की सुविधा और जीवन को बेहतर बनाने के लिए होने चाहिए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश अब पूरी तरह ‘‘रिफॉर्म एक्सप्रेस’’ के दौर में है, जहां सुधार तेजी से और स्पष्ट मंशा के साथ लागू किए जा रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार के सुधार केवल आर्थिक या राजस्व केंद्रित नहीं हैं, बल्कि पूरी तरह से नागरिक-केंद्रित हैं। उनका लक्ष्य लोगों की रोजमर्रा की परेशानियों को दूर करना और उन्हें अपनी पूरी क्षमता के साथ आगे बढ़ने का अवसर देना है।
संसदीय दल को दिए दिशानिर्देश
बैठक के बाद संवाददाताओं से केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने सांसदों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जो भी कानून या नियम बनें, उनमें किसी नागरिक के लिए असुविधा या नुकसानदायक प्रावधान नहीं होने चाहिए। उन्होंने कहा कि नियम और कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए होने चाहिए, जनता को परेशान करने के लिए नहीं।
पीएम मोदी ने सांसदों से यह भी कहा कि वे आम लोगों की वास्तविक समस्याओं को नियमित रूप से साझा करें, ताकि ‘‘रिफॉर्म एक्सप्रेस’’ हर घर तक पहुंचे। प्रधानमंत्री ने 30-40 पन्नों वाले फॉर्म और बेवजह की कागजी कार्रवाई की संस्कृति समाप्त करने पर जोर दिया। उन्होंने याद दिलाया कि नागरिकों को सेवाएं उनके घर के द्वार पर मिलनी चाहिए और बार-बार एक ही जानकारी जमा कराने की प्रक्रिया पूरी तरह खत्म होनी चाहिए।
जीवन सुगमता और कारोबार सुगमता प्राथमिकता
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार ने पिछले दस वर्षों में स्व-प्रमाणन की सुविधा दी, और इसका कोई दुरुपयोग नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि जीवन सुगमता और कारोबार सुगमता उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताएं हैं। पीएम मोदी ने राजग सांसदों से कहा कि बिहार विधानसभा चुनावों में गठबंधन की बड़ी जीत के बाद जनता के कल्याण के लिए और अधिक जोश के साथ काम करना होगा।
बिहार चुनावों में जीत और जिम्मेदारी
बैठक में हाल ही में संपन्न बिहार चुनावों में राजग की शानदार जीत के लिए प्रधानमंत्री को बधाई दी गई। राजग संसदीय दल की बैठक में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा भी मौजूद रहे। जनता दल-यूनाइटेड (जद-यू) नेता संजय झा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने पीएम मोदी को माला पहनाकर बधाई दी।
राजग ने बिहार के 243 सदस्यीय विधानसभा चुनाव में 202 सीटें जीतीं, जिसमें भाजपा ने 89, जद(यू) ने 85, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने 19, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) ने पांच और रालोमो ने चार सीटें हासिल कीं। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘बड़ी जीत के साथ बड़ी जिम्मेदारी आती है।’’ उन्होंने राजग सांसदों से कहा कि सभी स्तरों पर सरकार और स्थानीय संस्थाओं को मिलकर लोगों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए और कानून को जनता के लिए सुविधा का साधन बनाना चाहिए।