Delhi MCD By-Elections: दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शानदार प्रदर्शन किया है। भाजपा ने 12 वार्डों पर हुए उपचुनाव में 7 सीटें जीत ली हैंं। जबकि आम आदमी पार्टी (आप) ने 3 और कांग्रेस व अन्य ने 1-1 सीट पर कब्जा जमाया है। 12 वार्डों के लिए हुए इन उपचुनावों की मतगणना बुधवार सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 10 निर्धारित केंद्रों पर शुरू हुई।
भाजपा के लिए बड़ी जीत
ये उपचुनाव भाजपा के लिए महत्वपूर्ण माने जा रहे थे, क्योंकि फरवरी में दिल्ली में सत्ता में आने के बाद यह उसकी पहली बड़ी चुनावी परीक्षा थी। चांदनी चौक वार्ड से भाजपा के सुमन कुमार गुप्ता ने आप के हर्ष शर्मा को 1,182 वोटों से हराया। शालीमार बाग बी वार्ड में भाजपा की अनीता जैन ने आप उम्मीदवार बबीता राणा को 10,000 से अधिक वोटों के अंतर से हराकर बड़ी जीत दर्ज की। यह सीट भाजपा नेता रेखा गुप्ता के विधानसभा चुनाव जीतने और मुख्यमंत्री बनने के बाद खाली हुई थी।
आप को यहां मिली जीत
आप ने मुंडका और दक्षिणपुरी वार्ड जीते। इसके अलावा नारायणा में आप के राजन अरोड़ा ने भाजपा के चंद्रकांत शिवानी को 148 वोटों से मात दी। कांग्रेस के सुरेश चौधरी ने संगम विहार ए वार्ड में भाजपा के सुभाजीत गौतम को हराया। चौधरी को 12,766 और गौतम को 9,138 वोट मिले।
भाजपा ने यहां गाड़ा झंडा
अशोक विहार वार्ड में भाजपा की वीना असीजा ने आप की सीमा गोयल को 405 वोटों से हराया। ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के मोहम्मद इमरान ने चांदनी महल सीट पर आप के मुदस्सर उस्मान को 4,692 मतों से हराकर जीत दर्ज की। भाजपा ने दिचाऊं कलां, ग्रेटर कैलाश और द्वारका-बी वार्ड भी जीत लिए। द्वारका-बी में भाजपा की मनीषा रानी ने आप की राज बाला को 9,100 मतों के अंतर से हराया।
12 वार्डों पर 30 नवंबर को हुआ था उपचुनाव
मतदान 30 नवंबर को हुआ था। इन 12 वार्डों में पहले भाजपा का कब्जा नौ पर और आप का तीन पर था। उपचुनाव में 38.51% मतदान दर्ज किया गया, जबकि 2022 के एमसीडी चुनाव में यह आंकड़ा 50.47% था। मतगणना के दौरान सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस के 1,800 कर्मी और अर्द्धसैनिक बलों की 10 कंपनियां तैनात की गई थीं।