पणजी: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बृहस्पतिवार को दक्षिण गोवा जिले में स्थित श्री संस्थान गोकर्ण जीवोत्तम मठ में भगवान राम की 77 फुट ऊंची कांस्य प्रतिमा का अनावरण करेंगे। यह जानकारी मठ के एक प्रतिनिधि ने दी। मठ की केंद्रीय समिति के अध्यक्ष श्रीनिवास डेम्पो के अनुसार, प्रधानमंत्री दोपहर 3:45 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। उनके आगमन के लिए मठ परिसर में एक विशेष हेलीपैड बनाया गया है। डेम्पो ने बताया कि प्रधानमंत्री अनावरण के बाद मठ के मंदिरों के भी दर्शन करेंगे और तत्पश्चात एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
राम सुतार ने बनाई है मूर्ति
गोवा के लोक निर्माण विभाग मंत्री दिगंबर कामत ने बताया कि प्रतिमा का निर्माण प्रसिद्ध मूर्तिकार राम सुतार ने किया है, जिन्होंने गुजरात की ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ का डिज़ाइन भी तैयार किया था। मंत्री के अनुसार, यह प्रतिमा दुनिया में भगवान राम की सबसे ऊंची प्रतिमाओं में से एक होगी। समारोह में गोवा के राज्यपाल अशोक गजपति राजू, मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक सहित राज्य के कई कैबिनेट मंत्री शामिल होंगे।
मठ परिसर में होगी स्थापना
मठ परंपरा के 550 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 27 नवंबर से 7 दिसंबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। डेम्पो ने बताया कि मठ परिसर का निर्माण लगभग 370 वर्ष पहले दक्षिण गोवा जिले के कैनाकोना तहसील के पार्टागल गांव में किया गया था, इन दिनों प्रतिदिन 7,000–10,000 श्रद्धालुओं के आगमन की अपेक्षा कर रहा है। मंत्री कामत ने कहा कि सदियों से आध्यात्मिक केंद्र के रूप में सेवारत यह मठ परिसर पूरी तरह से नवीनीकृत कर आधुनिक स्वरूप में विकसित किया गया है।