Delhi pollution control: (दिल्ली): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को पूरे शहर के रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) और सुरक्षा कर्मियों को 10,000 इलेक्ट्रिक हीटर वितरित करने की घोषणा की। यह कदम सर्दियों के मौसम में लकड़ी और कोयला जलाने से होने वाले प्रदूषण को कम करने के मकसद से उठाया गया है।
मुख्यमंत्री ने दिल्ली हाट, पीतमपुरा के ओपन एम्फीथिएटर में आयोजित कार्यक्रम में उद्योग मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा के साथ इस पहल की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि यह दिल्ली सरकार के स्थानीय स्तर पर कार्बन उत्सर्जन कम करने के व्यापक प्रयासों का हिस्सा है।
प्रदूषण नियंत्रण के लिए RWA की भागीदारी
गुप्ता ने कहा, “दिल्ली में प्रदूषण के खिलाफ लड़ाई में सरकार ने एक और सकारात्मक कदम उठाया है। सर्दियों के दौरान अलाव के लिए कोयला और लकड़ी जलाना दिल्ली में प्रदूषण बढ़ाने वाले प्रमुख कारकों में शामिल है। इसके मद्देनजर हमने आरडब्ल्यूए को 10,000 इलेक्ट्रिक हीटर वितरित करने का फैसला किया है।”
उन्होंने लोगों से भी अनुरोध किया कि वे लकड़ी न जलाएं और प्रदूषण न फैलाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल की सफलता में जनभागीदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया, “दिल्ली के हर बाशिंदे को इस पहल में योगदान देना होगा। हम प्रत्येक आरडब्ल्यूए को इस पहल से जोड़ेंगे और अच्छा प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित करेंगे।”
स्वच्छ तापन पद्धतियों को बढ़ावा
मुख्यमंत्री रेखा ने कहा कि सरकार सभी ब्लॉक में आरडब्ल्यूए और निवासियों को स्वच्छ तापन पद्धतियां अपनाने के लिए प्रोत्साहित करेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि लकड़ी जलाने की परंपरा को हतोत्साहित किया जाए। उन्होंने कहा, “जब तक दिल्ली के लोग इसमें हिस्सा नहीं लेंगे, हमें पूरी सफलता नहीं मिल पाएगी। हमें विश्वास है कि आरडब्ल्यूए प्रदूषण के स्तर को कम करने में मदद करेंगे।