जोहान्सबर्ग (दक्षिण अफ्रीका): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने शुक्रवार को दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में जी-20 शिखर सम्मेलन के इतर मुलाकात की। दोनों नेताओं ने वर्ष 2020 में संबंधों को व्यापक सामरिक साझेदारी का दर्जा दिए जाने के बाद पिछले पाँच वर्षों में भारत–ऑस्ट्रेलिया सहयोग के मजबूत और विविध होने पर संतोष व्यक्त किया। अल्बनीज ने दिल्ली में हाल ही में हुए आतंकी हमले की निंदा करते हुए भारत के प्रति एकजुटता जताई।
आतंकवाद के खिलाफ साझा प्रतिबद्धता
बैठक में पीएम मोदी और अल्बनीज ने आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई को और मजबूत करने का संकल्प जताया। दोनों प्रधानमंत्रियों ने राजनीतिक और सामरिक संबंध, रक्षा एवं सुरक्षा, ऊर्जा, व्यापार और निवेश, महत्वपूर्ण खनिज, प्रौद्योगिकी, गतिशीलता, शिक्षा और जन-से-जन संपर्क सहित कई क्षेत्रों में सहयोग को गहरा करने पर चर्चा की। क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी दोनों नेताओं ने विचार-विमर्श किया। उन्होंने इस बात पर भी प्रसन्नता व्यक्त की कि नियमित उच्च-स्तरीय संवादों ने भारत–ऑस्ट्रेलिया संबंधों को उल्लेखनीय गति प्रदान की है।
साझेदारी को नई ऊँचाइयों पर ले जाने की प्रतिबद्धता
दोनों प्रधानमंत्रियों ने अपनी साझा दृष्टि को दोहराते हुए कहा कि भारत–ऑस्ट्रेलिया व्यापक सामरिक साझेदारी को भविष्य में और भी मजबूत करते हुए नई ऊँचाइयों तक ले जाया जाएगा।
पीएम मोदी का X पर साझा संदेश
बैठक के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स (X) पर लिखा कि अल्बनीज के साथ उनकी मुलाकात बेहद सकारात्मक रही। उन्होंने कहा, “इस साल हमारी सामरिक साझेदारी के पाँच वर्ष पूरे हो रहे हैं और इन वर्षों में परिवर्तनकारी परिणाम देखने को मिले हैं, जिन्होंने हमारे सहयोग को काफी गहरा किया है।” पीएम मोदी के अनुसार, बैठक में विशेष रूप से तीन प्रमुख क्षेत्रों रक्षा एवं सुरक्षा, नाभिकीय ऊर्जा और व्यापार पर विस्तृत चर्चा की गई, जहाँ सहयोग बढ़ाने की अपार संभावनाएँ मौजूद हैं। इसके अलावा शिक्षा, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और अन्य क्षेत्रों पर भी बात हुई।