Bihar CM oath ceremony: (पटना): बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बृहस्पतिवार को दसवीं बार राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। समारोह के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं और मंच, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य व्यवस्थाओं का अंतिम निरीक्षण किया जा चुका है।
सुरक्षा प्रबंध और यातायात व्यवस्था
समारोह के मद्देनजर गांधी मैदान और उसके आसपास भारी सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। आम जनता का प्रवेश 20 नवंबर तक पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। समारोह स्थल के आसपास कई सड़कों पर यातायात मार्ग परिवर्तित किए गए हैं ताकि समारोह सुचारू रूप से संपन्न हो सके और किसी प्रकार की रुकावट न आए।
मुख्यमंत्री ने तैयारियों का किया निरीक्षण
राज्य के कार्यवाहक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उनके साथ कई निवर्तमान मंत्री और मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत मौजूद थे। सूत्रों के अनुसार, समारोह में केंद्रीय मंत्री और राजग शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी उपस्थित रहेंगे। यह कार्यक्रम बिहार के राजनीतिक इतिहास में महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है, क्योंकि नीतीश कुमार दसवीं बार मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।