दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा, CM रेखा गुप्ता ने 40 नई इलेक्ट्रिक बसों को दिखाई हरी झंडी

CM Rekha flagged off electric buses: (नई दिल्ली): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को राजधानी के सार्वजनिक परिवहन बेड़े में 40 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल कीं। आजादपुर टर्मिनल से बसों को हरी झंडी दिखाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार पर्यावरण सुधार और बेहतर सार्वजनिक परिवहन के लिए तेजी से कार्य कर रही है। इस अवसर पर उन्होंने आम आदमी पार्टी (आप) की पूर्ववर्ती सरकार पर प्रदूषण की समस्या को गंभीरता से न लेने का आरोप लगाया।

पहले दिल्ली समस्याओं में थी उलझी

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा कि उनकी सरकार जनता के समर्थन और वोट की ताकत के कारण लगातार काम कर पा रही है। उन्होंने कहा, “सालों से दिल्ली सैकड़ों समस्याओं में उलझी हुई थी। समाधान कहीं दिखाई नहीं देता था। पहले सिर्फ विज्ञापन-आधारित सरकार चल रही थी। हम रोज इतना काम करते हैं, फिर भी बोर्ड तक नहीं लगाते।”

आठ महीने में 1400 इलेक्ट्रिक बसें दिल्ली को मिली

सीएम गुप्ता ने दावा किया कि मौजूदा सरकार ने सिर्फ आठ महीने में 1,400 इलेक्ट्रिक बसें दिल्ली की सड़कों पर उतारी हैं। इसके मुकाबले, पिछली सरकार ने 11 वर्षों में केवल 2,000 बसें ही उपलब्ध कराई थीं। उन्होंने कहा कि तेज़ी से बढ़ रही इलेक्ट्रिक बसों की संख्या दिल्ली के प्रदूषण स्तर को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

AAP पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने प्रदूषण की समस्या पर गंभीरता से काम नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे अभियान केवल कागज़ों पर रहे और वास्तविक पौधारोपण नहीं किया गया। गुप्ता ने कहा कि “दिल्ली आज उस लापरवाही की कीमत चुका रही है और मौजूदा सरकार हर दिन नए विकास कार्य कर रही है।

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या किसी ने पिछली सरकार के मंत्रियों को सड़कों पर जाकर काम का निरीक्षण करते हुए देखा है। गुप्ता ने दावा किया कि उनकी सरकार मैदान में उतरकर काम करती है और हर स्तर पर निगरानी रखती है। मंगलवार को 40 और बसों के जुड़ने के साथ, राजधानी का इलेक्ट्रिक बस बेड़ा तेजी से बढ़ रहा है, जिससे प्रदूषण कम करने और सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *