ED ने अल फलाह विश्वविद्यालय और संबद्ध ठिकानों पर मारा छापा, फर्जी कंपनियों का हुआ पर्दाफाश

ED raided Al Falah University: (नई दिल्ली): प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने लाल किला कार विस्फोट मामले में अल फलाह विश्वविद्यालय और उससे जुड़े लोगों के खिलाफ दिल्ली-एनसीआर में एक साथ बड़े पैमाने पर छापेमारी की। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई विश्वविद्यालय के न्यासियों और प्रवर्तकों के ठिकानों पर की गई, जिसमें फरीदाबाद स्थित अल फलाह ट्रस्ट और विश्वविद्यालय के लगभग 25 परिसरों को शामिल किया गया। एजेंसी ने दिल्ली के ओखला क्षेत्र में एक कार्यालय पर पुलिस और अर्धसैनिक बलों की सुरक्षा में भी छापा मारा।

लाल किला विस्फोट से जुड़े संदिग्ध

10 नवंबर को लाल किले के पास हुए विस्फोट में 15 लोग मारे गए थे। इस मामले में विश्वविद्यालय और कश्मीर से जुड़े कुछ चिकित्सकों की भूमिका आतंकवाद निरोधी एजेंसियों की जांच के दायरे में है। ईडी के अधिकारियों ने कहा कि यह कार्रवाई वित्तीय अनियमितताओं, फर्जी कंपनियों, आवास संस्थाओं के इस्तेमाल और धन शोधन की चल रही जांच का हिस्सा है। इसके तहत ट्रस्ट और संबंधित संस्थाओं की वित्तीय और प्रशासनिक गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।

नौ फर्जी कंपनियां हैं ईडी की निगरानी में

जांच में यह पाया गया है कि समूह से जुड़ी कम से कम नौ फर्जी कंपनियां ईडी की निगरानी में हैं, जिनमें कई कंपनियों के पते और संपर्क विवरण एक जैसे पाए गए। प्रारंभिक जांच में कुछ जोखिम संकेतक मिले, जिनमें पते पर वास्तविक उपस्थिति का अभाव, मोबाइल नंबर और ईमेल का समान प्रयोग, बैंकिंग चैनलों के माध्यम से न्यूनतम वेतन भुगतान और कर्मचारियों के EPFO तथा ESIC में पंजीकरण न होना शामिल हैं। इसके अलावा, विश्वविद्यालय द्वारा UGC और NAAC से मान्यता संबंधित दावों में भी प्रारंभिक स्तर पर विसंगतियां पाई गई हैं।

ईडी ने विश्वविद्यालय के वित्त और प्रशासन की देखरेख करने वाले प्रमुख कर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की है। इस मामले में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) और दिल्ली पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकी को भी एजेंसी ने संज्ञान में लिया है। अब तक NIA ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन्हें कथित रूप से आत्मघाती हमलावर डॉ. उमर नबी का करीबी सहयोगी बताया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *