औरंगाबाद में पीएम मोदी की दहाड़: बोले- बिहार ने तोड़ा मतदान का रिकॉर्ड, जनता नहीं चाहती ‘जंगलराज’

PM Modi Aurangabad rally: (औरंगाबाद): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार में पहले चरण के चुनाव के बाद कहा कि राज्य की जनता ने ‘जंगलराज’ की वापसी रोकने के लिए रिकॉर्ड मतदान किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार की जनता एक बार फिर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को सत्ता में लाकर राज्य के विकास के अभियान को आगे बढ़ाएगी।

“बिहार की महिलाओं ने भी सभी रिकॉर्ड तोड़े

औरंगाबाद में आयोजित एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा बिहार के लोगों ने मतदान में रिकॉर्ड तोड़ा है। महिलाओं ने भी सभी रिकॉर्ड तोड़े हैं। यह जनता का भरोसा है कि बिहार में ‘जंगलराज’ वापस नहीं आएगा।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता अपने घोषणा-पत्र पर बात नहीं करते क्योंकि वह “झूठ का पुलिंदा” है। प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार की जनता को राजग सरकार और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यों पर भरोसा है और राज्य पर “मां गंगा की कृपा बनी हुई है।”

‘डबल इंजन सरकार’ विकास की गारंटी

प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य में डबल इंजन की सरकार बिहार के विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। उन्होंने विनिर्माण, फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स, और बुनियादी ढांचे के विस्तार से जुड़े प्रोजेक्ट्स का उल्लेख किया। उन्होंने कहा जो कुछ मैंने वादा किया, मैंने पूरा किया। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में राम मंदिर निर्माण, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने, आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई और वन रैंक, वन पेंशन (OROP) के तहत सैनिकों को लगभग एक लाख करोड़ रुपये के भुगतान का जिक्र किया।

‘नीतीश राज’ में नक्सलवाद और हिंसा पर नियंत्रण

पीएम मोदी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में नक्सलवाद और हिंसा पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है और इस बार बिहार में मतदाताओं ने भयमुक्त वातावरण में मतदान किया है। उन्होंने निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता की प्रशंसा की और बताया कि मतदान प्रक्रिया को विदेशी पर्यवेक्षकों ने भी सराहा।

विपक्ष पर बोले जमकर हमला

प्रधानमंत्री ने चेतावनी दी कि अगर राजद सत्ता में आई, तो बिहार में कट्टा, दोनाली, फिरौती और रंगदारी जैसी घटनाएं फिर से सामान्य हो जाएंगी। उन्होंने कहा बिहार अब ‘कट्टा सरकार’ नहीं चाहता, बल्कि विकास और सुशासन चाहता है। पीएममोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि राजद ने कांग्रेस को वे सीटें दी हैं, जहां वह पिछले 35-40 वर्षों में जीत नहीं पाई। उन्होंने आरोप लगाया कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की सरकार के समय नीतीश कुमार को काम नहीं करने दिया गया। उन्होंने कुछ नेताओं द्वारा धार्मिक आयोजनों और छठी मइया के प्रति कथित अपमान का भी जिक्र करते हुए कहा कि बिहार की जनता उन्हें “मतदान के जरिए सजा” देगी।

14 नवंबर के बाद विजय उत्सव की करें तैयारी

प्रधानमंत्री ने अंत में कहा कि बिहारवासी 14 नवंबर के बाद विजय उत्सव मनाने की तैयारी करें, क्योंकि जनता ने विकास, सुशासन और स्थिरता के पक्ष में मतदान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *