Vande Mataram 150 years celebration: (अंबाला): वंदे मातरम्’ गीत के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में राज्यस्तरीय स्मरण उत्सव कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार को अंबाला के पुलिस लाइन मैदान में जिला प्रशासन द्वारा किया गया। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बतौर मुख्य अतिथि के रूप मे शिरकत की इस दौरान उन्होंने दीप प्रज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सभी उपस्थित लोगों को ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने की बधाई दी।
सीएम नायब सैनी ने मां अंबा की पवित्र धरती को नमन करते हुए कहा कि यह आयोजन भारत की सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। मुख्यमंत्री के अंबाला आगमन पर अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई वंदे मातरम् थीम पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया, जिसमें गीत की ऐतिहासिक यात्रा और स्वतंत्रता संग्राम में उसकी भूमिका को दर्शाया गया था।
“वंदे मातरम् गीत नहीं बल्कि भारत की है आत्मा
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की आत्मा और धड़कन है। यह वह प्रेरणादायक शक्ति है जिसने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान देशवासियों को एकजुट किया और स्वदेशी आंदोलन को नई ऊर्जा दी। उन्होंने कहा कि इस गीत ने गुलामी की जंजीरों को तोड़ने और देश को आज़ादी की राह पर अग्रसर करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि हर प्रदेशवासी को पांच संकल्प अपने जीवन में अपनाने होंगे, तभी यह 150वीं वर्षगांठ सार्थक बनेगी।
नागरिकों को ‘दिलाया शपथ
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री सैनी ने उपस्थित नागरिकों को ‘शपथ’ दिलाई और सभी से आह्वान किया कि वे राष्ट्रहित, स्वच्छता, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और एकता के मार्ग पर चलें। यह राज्यस्तरीय आयोजन पूरे हरियाणा में आयोजित किए जा रहे उन कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा है, जो ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि इस गीत की ऐतिहासिक विरासत और राष्ट्रीय भावना को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।