Bihar Assembly Election 2025:बिहार में टूटा वोटिंग का रिकॉर्ड, 64.46% मतदाताओं ने किया मतदान

Bihar Assembly Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को 121 विधानसभा सीटों पर मतदान संपन्न हुआ। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) विनोद सिंह गुंजियाल ने बताया कि शाम तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार लगभग 64.46 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

3.75 करोड़ मतदाताओं ने डाला वोट

सीईओ गुंजियाल ने बताया कि पहले चरण में कुल 3.75 करोड़ मतदाता मतदान के पात्र थे। प्राप्त आंकड़े 45,341 मतदान केंद्रों में से 41,943 केंद्रों से मिली सूचनाओं पर आधारित हैं। उन्होंने कहा कि, ‘‘यह आंकड़ा अनंतिम है, क्योंकि कुछ मतदान केंद्रों से रिपोर्ट अभी प्राप्त होनी बाकी है। अंतिम मतदान प्रतिशत इससे थोड़ा अधिक रहने की संभावना है।’’

शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान

गुंजियाल ने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में संपन्न हुआ। केवल कुछ स्थानों पर छिटपुट घटनाओं की सूचना मिली, लेकिन किसी भी क्षेत्र में कोई बड़ी गड़बड़ी या हिंसा नहीं हुई।

सुबह से लगी रहीं लंबी कतारें

राज्य के 18 जिलों में फैली इन 121 सीटों पर सुबह से ही मतदाताओं का उत्साह देखने को मिला। मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें लगीं और लोगों ने लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

अंतिम आंकड़ों में बढ़ोतरी संभव

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि कुछ दूरस्थ मतदान केंद्रों से आंकड़े देर से आने के कारण अंतिम मतदान प्रतिशत में मामूली बढ़ोतरी संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *