बिहार विधानसभा चुनाव 2025: सीएम नीतीश और गिरिराज समेत इन बड़े नेताओं ने किया मतदान”

Bihar Assembly Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में गुरुवार को राज्य के कई दिग्गज नेताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, राजद नेता और मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और अन्य प्रमुख नेताओं ने मतदान किया। निर्वाचन आयोग के अनुसार, सुबह नौ बजे तक पहले दो घंटे में 13 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाला, जिसमें सहरसा, बेगूसराय और मुजफ्फरपुर जिलों में सबसे अधिक सक्रियता देखी गई।

मतदान केवल अधिकार नही बल्कि लोगों का है कर्तव्य

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने गृह नगर बख्तियारपुर में मतदान किया। मतदान से पहले उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि नागरिकों का कर्तव्य भी है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तारापुर में मतदान किया। उन्होंने कहा नीतीश कुमार के नेतृत्व में जो विकास कार्य हुए हैं, वे जारी रहने चाहिए। आज जो परिवर्तन हम देख रहे हैं, वह लंबे प्रयासों का परिणाम है। विकास के लिए वोट करें। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने लखीसराय में मतदान के बाद कहा बुर्का पहनी महिलाओं की पहचान की जांच ‘वोट चोरी’ रोकने के लिए जरूरी है। यह धार्मिक पक्षपात नहीं है। हम पाकिस्तान में नहीं रहते। न बिहार में तेजस्वी यादव की सरकार बनेगी और न ही यहां शरीया कानून लागू होगा।”

तेजस्वी यादव और परिवार ने मतदान किया

राजद नेता तेजस्वी यादव ने अपने पिता लालू प्रसाद यादव और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पटना के वेटरनरी कॉलेज बूथ पर मतदान किया। तेजस्वी ने युवाओं से कहा बदलाव लाने के लिए नई सरकार का गठन करें। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने भी लोगों से मतदान कर बदलाव लाने की अपील की। तेजस्वी की बहन रोहिणी आचार्य ने विश्वास जताया कि इस बार जनता डबल इंजन की सरकार को पराजित करेगी। तेज प्रताप यादव, जो जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष और हसनपुर के मौजूदा विधायक हैं, ने वेटरनरी कॉलेज ग्राउंड में मतदान किया और कहा बिहार के सभी लोग वोट करें, हर वोट महत्वपूर्ण है।”

वह इस बार महुआ सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, जहां से उन्होंने 2015 में अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री और भाजपा सांसद नित्यानंद राय, राज्य के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने जनता से मतदान करने की अपील की। सारण जिले के राजद उम्मीदवार खेसारी लाल यादव और भाजपा नेता बिखु भाई दलसानिया ने भी सुबह मतदान किया। वैशाली जिले में एक प्रत्याशी मतदान केंद्र तक भैंस की सवारी कर पहुंचे और लोगों से मतदान करने की अपील की।

मतदान शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से जारी

निर्वाचन आयोग के अनुसार, बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ, जो शाम 5 बजे तक जारी रहेगा। इस चरण में 3.75 करोड़ मतदाता 1,314 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे, जिनमें तेजस्वी यादव और भाजपा के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जैसे प्रमुख नेता शामिल हैं। चुनाव प्रक्रिया अधिकांश बूथों पर शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *