मुजफ्फरपुर में शाह का विपक्ष पर हमला, तेजस्वी बने सीएम तो हत्या अपहरण और रंगदारी के बनेंगे नए मंत्रालय

Bihar election 2025: (मुजफ्फरपुर): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को मुजफ्फरपुर में एक विशाल चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार पर तीखा प्रहार किया। शाह ने कहा कि अगर लालू प्रसाद के बेटे तेजस्वी यादव को सत्ता मिलती है, तो बिहार में ‘‘हत्या, अपहरण और रंगदारी’’ के तीन नए मंत्रालय बनाए जाएंगे।

‘जंगलराज’ की वापसी से जनता को किया सावधान

शाह ने कहा कि बिहार ने लालू-राजद शासन के दौर में जो भय और अराजकता झेली थी, उसे जनता कभी भूल नहीं सकती। “अगर लालू जी के बेटे मुख्यमंत्री बने, तो बिहार में तीन नए विभाग बनेंगे एक हत्या के लिए, दूसरा अपहरण के लिए और तीसरा रंगदारी के लिए। शाह ने जनता से अपील की कि वे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को वोट देकर ‘‘जंगलराज की वापसी’’ को रोकें।

उन्होंने कहा कि नए चेहरे पुरानी सोच के साथ बिहार को फिर से अराजकता की ओर ले जाना चाहते हैं। “बिहार की जनता अब जाग चुकी है, वह विकास और सुशासन का रास्ता नहीं छोड़ेगी। गृह मंत्री ने राजग की विकास नीतियों का जिक्र करते हुए कहा कि अगर गठबंधन दोबारा सत्ता में आया, तो बिहार को बाढ़ की समस्या से स्थायी राहत दिलाने के लिए एक अलग बाढ़ नियंत्रण मंत्रालय बनाया जाएगा। शाह ने कहा कि बिहार के विकास में सबसे बड़ी बाधा हर साल आने वाली बाढ़ है, जिसे रोकना सरकार की प्राथमिकता होगी। उन्होंने दावा किया कि राजग सरकार ने पहले ही सड़क, बिजली, शिक्षा और उद्योग के क्षेत्र में ठोस काम किया है।

वंशवाद पर किया तगड़ा क़टाक्ष

शाह ने कांग्रेस और राजद दोनों पर वंशवाद की राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि लालू प्रसाद और सोनिया गांधी अपने-अपने बेटों को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री बनाना चाहते हैं। दोनों ही पद खाली नहीं हैं एक पर नीतीश कुमार और दूसरे पर नरेंद्र मोदी पहले से काम कर रहे हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि पिछले दस वर्षों में भारत सुरक्षित, समृद्ध और सशक्त राष्ट्र के रूप में उभरा है। पीएम आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और पीएम किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से करोड़ों गरीबों का जीवन बदला है,”

‘सुशासन बनाम जंगलराज’ की निर्णायक लड़ाई

सभा के अंत में शाह ने कहा कि इस चुनाव में बिहार की जनता को तय करना है कि राज्य सुशासन के रास्ते पर आगे बढ़ेगा या फिर से जंगलराज की अंधेरी गलियों में लौटेगा। उन्होंने कहा आपका एक वोट बिहार का भविष्य तय करेगा।उन्होंने मंच से नारा दिया “फिर एक बार, राजग सरकार!” और दावा किया कि जनता इस बार ‘‘विकसित बिहार’’ के संकल्प के साथ राजग के पक्ष में खड़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *