Andhra Pradesh Temple Stampede: आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में शनिवार सुबह काशीबुग्गा वेंकटेश्वर मंदिर में मची भगदड़ में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई श्रद्धालु घायल हुए। अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा मंदिर में भीड़ बढ़ने और रेलिंग टूटने से हुआ। काशीबुग्गा उपमंडल के प्रभारी डीएसपी लक्ष्मण राव ने बताया कि भगदड़ पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे मंदिर की पहली मंजिल पर हुई, जब श्रद्धालु भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन के लिए सीढ़ियाँ चढ़ रहे थे। अचानक रेलिंग टूटने से कई लोग नीचे गिर पड़े और उनके ऊपर भीड़ के अन्य लोग चढ़ गए।
जिलाधिकारी स्वप्निल दिनकर पुंडकर ने बताया कि हादसे में कुल 10 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से 7 ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 3 की मौत इलाज के दौरान अस्पताल में हुई। मृतकों में अधिकतर महिलाएं हैं। राज्य की गृह मंत्री वी. अनीता ने बताया कि कम से कम 5 लोग घायल हुए हैं और मृतकों में से अधिकतर की उम्र 35 से 40 वर्ष के बीच थी।
कैसे हुआ हादसा
गृह मंत्री वी. अनीता ने बताया कि मंदिर पहली मंजिल पर ऊंचाई पर स्थित है और रेलिंग कमजोर थी। जब श्रद्धालु दर्शन के लिए ऊपर जा रहे थे, तब रेलिंग टूटने से हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि यह निजी मंदिर है, जो धर्मस्व विभाग के अधीन नहीं है। आम तौर पर हर शनिवार को यहां 1,500 से 2,000 श्रद्धालु आते हैं, लेकिन एकादशी और कार्तिक मास के संयोग के कारण इस बार असाधारण भीड़ उमड़ी थी।
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने जताया शोक
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने ‘एक्स पर लिखा काशीबुग्गा वेंकटेश्वर मंदिर में हुई भगदड़ से मुझे अत्यंत दुख हुआ है। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि श्रद्धालुओं की जान गई। मैं पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि घायलों को सर्वोत्तम इलाज दिया जाए और राहत कार्यों में किसी भी तरह की देरी न हो। उन्होंने प्रशासन और स्थानीय नेताओं को मौके पर रहकर स्थिति की निगरानी करने के आदेश दिए हैं।
राष्ट्रपति मुर्मू ने जताई संवेदना
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ‘एक्स’ पर घटना पर दुख व्यक्त करते हुए लिखा आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम में श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में हुई दुखद घटना में लोगों की मौत की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।”
पीएम मोदी ने दुख जताया राहत राशि का किया ऐलान
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा,आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम में वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में भगदड़ की घटना से दुखी हूं। अपने प्रियजन को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। इस बीच प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा कि कहा कि इस त्रासदी में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी।
जांच के आदेश, सुरक्षा उपायों पर मंथन
जिलाधिकारी ने बताया कि घटना की प्राथमिक जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन यह पता लगा रहा है कि क्या मंदिर प्रबंधन ने भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए थे या नहीं। राज्य सरकार ने भविष्य में ऐसे आयोजनों में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए हैं।