पतंजलि विश्वविद्यालय में बोलीं राष्ट्रपति मुर्मू, कहा- अगर बेटियां पीछे रहीं तो अधूरा रहेगा विकसित का सपना

Patanjali University Convocation: (हरिद्वार): राष्ट्रपति मुर्मू ने हरिद्वार स्थित पतंजलि विश्वविद्यालय के दूसरे दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुई । इस दौरान उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब इसमें महिलाओं समेत सभी वर्गों का समान सहयोग मिलेगा। राष्ट्रपति मुर्मू कहा कि देश की आधी आबादी अगर पीछे रह जाएगी, तो विकास अधूरा रहेगा।

उन्होंने विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों और संस्थापकों की सराहना करते हुए कहा कि यहां शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्रों में महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से उत्साहजनक है। उन्होंने कहा कि कुल छात्रों में 62 प्रतिशत छात्राएं हैं और इस वर्ष डिग्री प्राप्त करने वालों में 64 प्रतिशत महिलाएं शामिल हैं। पदक पाने वाली छात्राओं की संख्या छात्रों से चार गुना अधिक है।

महिला नेतृत्व वाला भारत

राष्ट्रपति ने कहा यह केवल संख्या नहीं है, बल्कि यह उस भारत की झलक है जो आने वाले समय में महिलाओं के नेतृत्व में आगे बढ़ेगा। यह परंपरा गार्गी, मैत्रेयी, अपाला और लोपामुद्रा जैसी विदुषियों से चली आ रही है जिन्होंने समाज को बौद्धिक और आध्यात्मिक दिशा दी। उन्होंने कहा कि आज की शिक्षित बेटियां उसी परंपरा की संवाहक हैं और अपनी प्रतिभा से भारत माता का गौरव बढ़ा रही हैं।

महिलाओं की समान भागीदारी जरूरी

राष्ट्रपति ने कहा कि देश की 140 करोड़ की आबादी में आधी महिलाएं हैं। उन्होंने कहा अगर केवल बेटे प्रयास करेंगे और बेटियां पीछे रह जाएंगी, तो विकसित भारत का सपना अधूरा रह जाएगा। मुर्मू ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र शिक्षा, प्रशासन, खेल, विज्ञान और रक्षामें उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। यही भारत की प्रगति का सशक्त संकेत है।

पतंजलि की भूमिका सराहनीय

राष्ट्रपति ने योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा के प्रचार में पतंजलि विश्वविद्यालय के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा हिमालय की गोद से अनेक नदियां बहती हैं उसी तरह यहां से ज्ञान-गंगा की एक नई धारा प्रवाहित हो रही है।

संस्कृति और आधुनिकता का संगम

मुर्मू ने कहा कि इस विश्वविद्यालय ने भारतीय संस्कृति और आधुनिक शिक्षा के बीच संतुलन स्थापित किया है। उन्होंने कहा यहां अध्ययन करने वाले छात्र केवल डिग्री नहीं, बल्कि चरित्र और संस्कृति का निर्माण भी कर रहे हैं। राष्ट्रपति ने विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी बधाई दी कि उन्होंने बच्चों को भारतीय परंपरा के अनुरूप शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

प्रकृति के साथ सामंजस्य

राष्ट्रपति ने छात्रों से पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक जीवनशैली अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा“मानवता का भविष्य इसी पर निर्भर है कि हम अपने जीवन को प्रकृति के साथ कितना सामंजस्यपूर्ण बना पाते हैं उन्होंने उम्मीद जताई कि यहां शिक्षा प्राप्त करने वाले युवा जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों का सामना करने में अग्रणी भूमिका निभाएंगे।

संतुलित विकास ही सच्चा विकास

मुर्मू ने कहा कि विकास केवल आर्थिक वृद्धि से नहीं, बल्कि संस्कृति, नैतिकता और पर्यावरण संतुलन से मापा जाना चाहिए पतंजलि विश्वविद्यालय जैसे संस्थान भारत को आत्मनिर्भर और संस्कारवान राष्ट्र बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं,”
उन्होंने कहा। समारोह के अंत में उन्होंने पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं और उन्हें ज्ञान, सेवा और संस्कृति के वाहक बनने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *