Chhattisgarh Rajat Mahotsav: (रायपुर): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि पिछले 11 वर्षों में देश में माओवादी आतंक से प्रभावित जिलों की संख्या 125 से घटकर केवल तीन रह गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि वह दिन दूर नहीं जब छत्तीसगढ़ और भारत का हर कोना नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त हो जाएगा।
नवा रायपुर में राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर आयोजित ‘छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव’ को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पच्चीस वर्ष पहले जो बीज बोया गया था, वह अब विकास के वटवृक्ष में बदल चुका है। उन्होंने कहा, “नक्सलवाद की जंजीरों से मुक्त होकर छत्तीसगढ़ अब नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।”
नक्सल प्रभावित इलाकों में अब विकास की रोशनी
प्रधानमंत्री ने कहा, “पिछले दशकों में माओवादी आतंक के कारण आदिवासी क्षेत्रों को सड़क, स्कूल और अस्पताल जैसी मूल सुविधाओं से वंचित रहना पड़ा। डॉक्टरों और शिक्षकों को मार दिया गया। उन्होंने कहा कि 2014 में केंद्र की सत्ता मिलने के बाद उनकी सरकार ने माओवादी आतंक से देश को मुक्त कराने का संकल्प लिया और आज उसका परिणाम सबके सामने है।
सैकड़ों नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
पीएम मोदी ने बताया कि कांकेर में 20 से अधिक और बस्तर में 200 से ज्यादा नक्सली हाल ही में मुख्यधारा में लौट आए हैं। अब लाल झंडे की जगह हमारा तिरंगा शान से लहरा रहा है । उन्होंने बताया कि बीजापुर के चिकपल्ली गांव में सात दशक बाद बिजली पहुंची है और अबूझमाड़ के रेकावाया गांव में आजादी के बाद पहली बार स्कूल निर्माण शुरू हुआ है।
अब डर नहीं उत्सव का माहौल
प्रधानमंत्री ने कहा कि जिन इलाकों में कभी बम-बंदूक का डर था, वहां अब विकास और उत्सव की हवा बह रही है।
“जब छत्तीसगढ़ नक्सलवाद जैसी चुनौती के बावजूद आगे बढ़ सका, तो उसके खत्म होने के बाद विकास की रफ्तार और भी तेज होगी। प्रधानमंत्री ने राज्य के युवाओं से कहा यह आपका समय है कोई लक्ष्य असंभव नहीं है। मोदी की गारंटी है हर कदम पर आपके साथ हूं। हम मिलकर छत्तीसगढ़ को भी विकसित करेंगे और भारत को भी।