25 years of Uttarakhand: (देहरादून): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नौ नवंबर को उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देहरादून में आयोजित होने वाले राज्य स्थापना रजत जयंती समारोह में भाग लेंगे। अधिकारियों ने शुक्रवार को जानकारी दी कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि के बाद अब समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री का कार्यक्रम वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) परिसर में प्रस्तावित है, जहां राज्य सरकार द्वारा विशेष समारोह का आयोजन किया जा रहा है।
एफआरआई में अंतिम चरण में तैयारियां
देहरादून प्रशासन और राज्य सरकार के विभागों द्वारा कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात और अतिथि स्वागत से संबंधित तैयारियां तेज़ कर दी गई हैं। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे के मद्देनज़र जिलाधिकारी सविन बंसल ने अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बंसल ने निर्देश दिया कि “राज्य स्थापना के रजत जयंती समारोह में प्रधानमंत्री की उपस्थिति हमारे लिए गौरव का विषय है। सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण हों और कोई भी कमी न रहे।”
राज्य स्थापना के 25 वर्ष विशेष कार्यक्रमों की रूपरेखा
राज्य सरकार ने इस ऐतिहासिक अवसर को विशेष बनाने के लिए कई सांस्कृतिक और विकासपरक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की है। समारोह में उत्तराखंड के विकास सफर, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी के अलावा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह, और अन्य वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री भी कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। राज्य के विभिन्न जिलों में भी 9 नवंबर को विशेष आयोजन होंगे, जिनमें स्कूलों, कॉलेजों और सामाजिक संगठनों को भागीदारी के लिए आमंत्रित किया गया है।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सख्त
प्रधानमंत्री की यात्रा को देखते हुए देहरादून में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए जा रहे हैं। एसपीजी, राज्य पुलिस और प्रशासन के अधिकारी स्थल निरीक्षण कर रहे हैं। शहर के मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन की योजना भी तैयार की जा रही है ताकि आमजन को कम से कम असुविधा हो।
राज्य स्थापना दिवस हर वर्ष 9 नवंबर को मनाया जाता है, जब वर्ष 2000 में उत्तराखंड को एक अलग राज्य का दर्जा मिला था। इस बार 25वीं वर्षगांठ को “रजत जयंती वर्ष” के रूप में भव्य तरीके से मनाने की तैयारियाँ चल रही हैं