RJD के ‘अंधकार युग’ और NDA के ‘विकास युग’ के बीच होगा चुनावी मुकाबला, बिहार में बोले नड्डा

Bihar Elections 2025: (पटना): भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव ‘‘राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अराजकता और अंधकार युग’’ और ‘‘राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के विकास, स्थिरता और सुशासन के युग’’ के बीच की लड़ाई है। पटना जिले के बिक्रम विधानसभा क्षेत्र में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास की नयी ऊँचाइयाँ हासिल की हैं और इस गति को बनाए रखना ही राज्य के भविष्य के लिए आवश्यक है।

‘राजद का मतलब है रंगदारी जंगलराज और दबंगई’

नड्डा ने राजद पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “राजद का मतलब है। रंगदारी, जंगलराज और दबंगई। यह वही दौर था जब लोग शाम ढलते ही घरों में कैद हो जाते थे, महिलाएँ असुरक्षित महसूस करती थीं और उद्योग ठप पड़े थे। उन्होंने कहा कि आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है बिहार के गाँवों में बिजली है, इंटरनेट है और युवा डिजिटल युग में देश का नाम रोशन कर रहे हैं। नड्डा ने राजद नेता तेजस्वी यादव पर पलायन का मुद्दा उठाने को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “तेजस्वी जी भूल गए कि उनके पिता लालू प्रसाद खुद कहा करते थे बिहारी बाहर गमछा पहनकर जाते हैं और सूट-टाई में लौटते हैं। यानी पलायन उनकी ही नीतियों की देन था।”

युवाओं और किसानों के लिए नए अवसर

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि राजग ने अपने घोषणा पत्र में अगले पाँच वर्षों में एक करोड़ सरकारी नौकरियों और अन्य रोजगार अवसरों का वादा किया है। उन्होंने कहा राजग सरकार आने वाले समय में हर जिले को रोजगार का केंद्र बनाएगी। नड्डा ने किसानों के लिए ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि’ का नाम बदलकर ‘कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि’ करने की घोषणा की। इसके तहत किसानों को अब हर वर्ष 9,000 रुपए तीन समान किस्तों में मिलेंगे, जो पहले 6,000 रुपए हुआ करते थे।

महिलाओं और गरीबों के लिए आर्थिक सशक्तिकरण की पहल

नड्डा ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य सरकार ने 75 लाख महिलाओं को 10,000 रुपए की आर्थिक सहायता दी है। उन्होंने वादा किया कि “राजग को दोबारा मौका मिला तो प्रत्येक महिला को 2 लाख रुपए की सहायता दी जाएगी ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। स्वास्थ्य क्षेत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत देश के 62 करोड़ लोगों को, जिनमें 5 करोड़ से अधिक बिहारी शामिल हैं, 5 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य बीमा मिल रहा है। नड्डा ने कहा कि सरकार ने क्षेत्र में विकास के कई कार्य स्वीकृत किए हैं बिक्रम में ट्रॉमा सेंटर की आधारशिला रखी गई है, नौबतपुर में पुल के निर्माण को मंजूरी मिली है और ग्रामीण सड़कों के लिए 200 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *