Russia Ukraine War: रूसी सैनिकों ने यूक्रेन के दो शहरों को घेरा, राष्ट्रपति पुतिन का सनसनीखेज दावा

Putin, Russian President

Russia Ukraine War: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को यूक्रेन युद्ध से संबंधित सनसनीखेज दावा किया है। उन्होंने कहा कि रूसी सैनिकों ने यूक्रेन के दो प्रमुख पूर्वी शहरों में यूक्रेनी सेना को घेर लिया है और उन्हें आत्मसमर्पण करने का आदेश दिया गया है। हालांकि यूक्रेन के सैन्य अधिकारियों ने पुतिन के इन दावों को पूरी तरह मनगढ़ंत और झूठा बताया है।

मॉस्को में घायल रूसी सैनिकों से मिले पुतिन

मॉस्को के एक सैन्य अस्पताल में घायल रूसी सैनिकों से मुलाकात के दौरान पुतिन ने कहा कि रूसी सेना यूक्रेन और पश्चिमी देशों के पत्रकारों के लिए “सुरक्षित गलियारा” खोलने को तैयार है, ताकि वे “अपनी आंखों से देख सकें कि वास्तव में क्या हो रहा है।” पुतिन ने दावा किया कि रूसी सेना ने पूर्वी दोनेत्स्क क्षेत्र के पोक्रोवस्क और उत्तर-पूर्वी खार्किव क्षेत्र के रेल जंक्शन कुपियांस्क में यूक्रेनी बलों को घेर लिया है।

यूक्रेन ने पुतिन के दावे को किया खारिज

यूक्रेनी सैन्य अधिकारियों ने पुतिन के इस दावे का जोरदार खंडन किया है। यूक्रेन की पूर्वी सेना के प्रवक्ता ह्रीहोरी शापोवाल ने मीडिया को बताया कि “पोक्रोवस्क में हालात कठिन हैं, लेकिन पूरी तरह नियंत्रण में हैं।” पोक्रोवस्क की रक्षा कर रही यूक्रेनी सेना की 7वीं रैपिड रिएक्शन कोर ने कहा कि रूस ने शहर को घेरने के लिए लगभग 11,000 सैनिकों को तैनात किया है। हालांकि, उसने यह स्वीकार किया कि कुछ रूसी इकाइयां शहर के बाहरी इलाकों में प्रवेश कर चुकी हैं।

यूक्रेनी सैनिकों के आत्म समर्पण का दावा

पुतिन ने यह भी संकेत दिया कि रूस दोनों शहरों में फंसे यूक्रेनी सैनिकों के आत्मसमर्पण के बदले किसी प्रकार का समझौता करने को तैयार है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को इन इलाकों का दौरा करने देना चाहिए ताकि वे “घिरे हुए सैनिकों की स्थिति का आकलन कर सकें और यूक्रेनी नेतृत्व अपने नागरिकों के भविष्य पर विवेकपूर्ण निर्णय ले सके।”

अमेरिका ने माना शहर के बाहर कुछ जगहों पर रूस की बढ़त

वहीं, अमेरिकी थिंक टैंक ‘इंस्टीट्यूट फॉर द स्टडी ऑफ वॉर’ ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि रूसी सेना ने पोक्रोवस्क क्षेत्र में कुछ बढ़त ज़रूर बनाई है, लेकिन शहर के भीतर किसी भी मोर्चे पर उसका नियंत्रण नहीं है। कुपियांस्क की स्थिति पर, यूक्रेनी संयुक्त बल कार्यबल के प्रवक्ता विक्टर त्रेहुबोव ने कहा कि “पुतिन के दावे जमीनी सच्चाई से बिल्कुल मेल नहीं खाते।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *