‘छठी मैया’ और पीएम मोदी की मां के अपमान का जवाब बिहार की जनता देगी : गृह मंत्री अमित शाह

Bihar assembly election 2025: (बिहार): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को बिहार में नालंदा, लखीसराय और मुंगेर जिलों में लगातार तीन रैलिया की और जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में ‘इंडिया’ गठबंधन का सफाया तय है, क्योंकि बिहार की जनता कांग्रेस नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के अपमान और ‘छठी मैया’ का उपहास करने का जवाब वोट से देगी।

शाह ने कहा कि कांग्रेस और राजद के नेताओं ने बिहार की संस्कृति और आस्था पर चोट पहुंचाई है। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी ने लोकसभा में यह कहकर ‘छठी मैया’ का अपमान किया कि मोदी और छठ पूजा करने वाले लोग नाटक कर रहे हैं। राहुल गांधी भारत की संस्कृति को नहीं समझते, क्योंकि उनका ननिहाल इटली में है।

कांग्रेस पर किया तीखा हमला

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा, “लोग ईवीएम पर राजग के चुनाव चिह्न को इतनी जोर से दबाएं कि उसकी गूंज इटली तक सुनाई दे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने न केवल धार्मिक परंपराओं का अपमान किया, बल्कि देश की एकता और अखंडता को भी कमजोर करने का काम किया।

राम मंदिर और नालंदा विश्वविद्यालय का उल्लेख

शाह ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण में 70 वर्षों तक रोड़ा अटकाया, जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने वह सपना पूरा किया जिसके लिए “पांच शताब्दियों तक संघर्ष” चला। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने नालंदा में आधुनिक विश्वविद्यालय विकसित किया है, जिसे अब कोई “बख्तियार खिलजी” नष्ट नहीं कर सकेगा। शाह ने रैली की शुरुआत नालंदा के ऐतिहासिक महत्व को याद करते हुए की। उन्होंने कहा कि यही वह भूमि है जहाँ गुरु चाणक्य और चंद्रगुप्त मौर्य ने मिलकर भारत के सबसे शक्तिशाली साम्राज्य की नींव रखी थी।

सीतामढ़ी में सीता मंदिर और मेडिकल कॉलेज की घोषणा

गृह मंत्री ने कहा कि बिहार की बेटी देवी सीता के जन्मस्थान पुनौरा धाम सीतामढ़ी में 850 करोड़ रुपये की लागत से भव्य मंदिर का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसे अयोध्या में राम मंदिर से सीधी रेल सेवा द्वारा जोड़ा जाएगा। शाह ने यह भी घोषणा की कि लखीसराय में बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह के नाम पर दो वर्षों में एक मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जाएगी।

‘जंगलराज’ बनाम सुशासन की तुलना

पूर्व भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के शासनकाल में बिहार में “जंगलराज” कायम था। “1992 से 2004 तक 32,000 से अधिक अपहरण और 12 बड़े नरसंहार हुए,” उन्होंने कहा। शाह ने दावा किया कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य में कानून-व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है । हत्याओं में 20 प्रतिशत और डकैती व अपहरण में 80 प्रतिशत की कमी आई है। उन्होंने कहा कि राजद फिर से सत्ता में आने पर “जंगलराज” लौटाना चाहता है, लेकिन बिहार की जनता अब विकास और सुरक्षा के रास्ते से पीछे नहीं हटेगी।

बिहार के विकास पर केंद्र का है फोकस

शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने बिहार में 18 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम किया है। इनमें सड़क, रेलवे, ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, बरौनी उर्वरक संयंत्र, और मुंगेर क्षेत्र की अवसंरचना परियोजनाएं शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि बिहार के 8.52 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 87 लाख किसानों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये, 44 लाख परिवारों को आवास और 1.17 करोड़ महिलाओं को एलपीजी सिलेंडर मिले हैं। शाह ने कहा, “हम लालू प्रसाद को बिहार की 1.41 करोड़ जीविका दीदियों का धन छीनने नहीं देंगे। मोदी और नीतीश पर भ्रष्टाचार का कोई दाग नहीं है, जबकि संप्रग शासन के दौरान 12 लाख करोड़ रुपये के घोटाले हुए।”

भविष्य के लिए किया ये संकल्प

अमित शाह ने कहा कि भाजपा और राजग का लक्ष्य बिहार को विकास, सुरक्षा और समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा, “हम बिहार के युवाओं को 2036 में होने वाले ओलंपिक में पदक जीतने के लिए तैयार कर रहे हैं। गृह मंत्री ने जनता से अपील की कि वे राजग को समर्थन दें ताकि बिहार में स्थिर सरकार और तेज़ विकास बना रहे। उन्होंने कहा यह चुनाव बिहार की अस्मिता, आस्था और भविष्य का चुनाव है और जनता कांग्रेस-राजद गठबंधन को एक बार फिर जवाब देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *