नालंदा मे गरजे जेपी नड्डा, राजग शासन में बिहार अंधकार से निकलकर प्रगति के मार्ग पर हुआ अग्रसर

JP Nadda in Bihar elections:(नालंदा बिहार): भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुरुवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार के नेतृत्व में बिहार ने विकास की नई रफ्तार पकड़ी है। उन्होंने कहा कि राजग ने राज्य को “अंधकार के युग” से निकालकर “प्रगति के पथ” पर अग्रसर किया है।

‘बीमारू’ से ‘अग्रणी राज्य’ की ओर बढ़ता बिहार

नालंदा जिले के बख्तियारपुर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि 2005 से पहले बिहार ‘बीमारू’ राज्य कहलाता था, लेकिन अब यह विकास की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने कहा 2005 से पहले बिहार अंधकार के युग में जी रहा था, लेकिन अब चारों ओर विकास की रोशनी है। यह बदलाव जनता की वोट देने की ताकत से संभव हुआ है। बीमारू’ शब्द का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि यह बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों के लिए प्रयोग होता था जो सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़े थे।

विपक्ष पर किया कड़ा प्रहार

नड्डा ने विपक्षी दलों राजद और कांग्रेस पर करारा हमला करते हुए कहा कि उन्हें जनता की भलाई से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने व्यंग्यपूर्वक कहा लालू जी को सिर्फ अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना है और सोनिया जी को अपने बेटे को प्रधानमंत्री बनाना है। भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राजद के ‘जंगलराज’ में अपराध चरम पर था और अपहरण एक “उद्योग” बन चुका था, जबकि राजग सरकार ने राज्य में कानून-व्यवस्था और विकास दोनों को मजबूती दी है।

रेलवे और अवसंरचना में बड़ी प्रगति

जेपी नड्डा ने कहा कि राजग शासन के 20 वर्षों में बिहार में अवसंरचना क्षेत्र में ऐतिहासिक वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि राज्य का रेलवे बजट नौ गुना बढ़ गया है और बिहार को 20 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें तथा 26 अमृत भारत ट्रेनें मिली हैं। उन्होंने कहा कि ये पहलें बिहार को देश के अग्रणी राज्यों की कतार में लाने में सहायक होंगी। विकास की यात्रा को रुकने न दें नड्डा भाजपा अध्यक्ष ने जनता से अपील की कि वे राज्य के विकास को निरंतर बनाए रखने के लिए राजग सरकार को दोबारा समर्थन दें। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। अब इसे फिर से पिछड़ेपन की ओर नहीं लौटने देना चाहिए।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *