Bihar Assembly Election 2025: (समस्तीपुर): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार के समस्तीपुर में एक विशाल चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार अब “जंगल राज” की वापसी नहीं होने देगा और सुशासन के पक्ष में वोट करेगा। उन्होंने कहा नई रफ़्तार से चलेगा बिहार, फिर जब आएगी राजग सरकार।
कर्पूरी ठाकुर को दी श्रद्धांजलि
सभा से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और भारत रत्न से सम्मानित समाजवादी नेता कर्पूरी ठाकुर को उनके पैतृक गांव कर्पूरी ग्राम (समस्तीपुर) में श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री एवं कर्पूरी ठाकुर के पुत्र रामनाथ ठाकुर, तथा कई अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे। प्रधानमंत्री ने ठाकुर परिवार से मुलाकात करते हुए कहा कि कर्पूरी ठाकुर ने समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए जो योगदान दिया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी है।
विपक्ष पर किया तीखा हमला
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। बिना नाम लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा जो लोग संविधान की प्रति लेकर चलते हैं, वही लोगों को गुमराह कर रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि राजद और कांग्रेस के शासन में बिहार ने “जंगल राज” का दर्द झेला है। राजद के शासन में हत्या आम बात थी, अपहरण एक उद्योग बन गया था। गरीबों और महिलाओं को भय के साये में जीना पड़ता था। उन्होंने जनता से अपील की कि वह उन दलों को फिर से सत्ता में आने से रोकें, जिन्होंने बिहार को अराजकता की ओर धकेला।
ओबीसी को संवैधानिक दर्जा देना ऐतिहासिक कदम
प्रधानमंत्री ने कहा कि अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को संवैधानिक दर्जा देने का कार्य राजग सरकार ने किया, जिसे विपक्ष ने दशकों तक टाल दिया। उन्होंने कहा कि नयी शिक्षा नीति में स्थानीय भाषाओं में शिक्षा पर बल दिया गया है, जिससे बिहार जैसे राज्यों के युवाओं को लाभ मिलेगा।
केंद्र से बिहार को तीन गुना अधिक धनराशि
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा नेतृत्व वाली राजग सरकार ने बिहार को विकास के लिए संप्रग सरकार की तुलना में तीन गुना अधिक राशि दी है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान निधि योजना के तहत बिहार के किसानों के खातों में 28,000 करोड़ रुपये भेजे गए हैं, जिनमें समस्तीपुर के किसानों को 800 करोड़ रुपये मिले हैं। उन्होंने कहा कि बिहार का मछली उत्पादन दोगुना हुआ है, और रामायण तथा बुद्ध सर्किट राज्य के युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्रदान कर रहे हैं।
“राजग समृद्ध बिहार के लिए प्रतिबद्ध”
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राजग गठबंधन इस बार के चुनाव में सारे रिकॉर्ड तोड़ देगा।राजग सरकार बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। हमारा लक्ष्य है। सुशासन, स्थिरता और समृद्धि। उन्होंने विपक्ष पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि “राजद और कांग्रेस अपने परिवार के कल्याण में व्यस्त हैं, जबकि राजग बिहार के हर परिवार के कल्याण में जुटा है। सभा के अंत में प्रधानमंत्री ने जनता का अभिवादन करते हुए कहा कि बिहार की जनता ने मन बना लिया है बिहार की धरती अब जंगल राज नहीं, विकास राज देखना चाहती है।”