बिहार चुनाव में ‘योगी फॉर्मूला’ की एंट्री, जगहों के नाम परिवर्तन से बदलेगा सियासत का गणित?

Bihar Election

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सियासत इन दिनों गरम है। 243 विधानसभा सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर सभी पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। कोई जातीय समीकरण साधने में जुटा है, तो कोई विकास के वादों से जनता को लुभाने में…इस बार का चुनावी मैदान कई अन्य मायनों में कुछ अलग है। बिहार विधानसभा चुनाव की सियासत उस वक्त काफी दिलचस्प हो गई, जब इसमें ‘योगी फॉर्मूले’ की एंट्री हो गई।

कैसे बिहार में चर्चा में आया ‘योगी फॉर्मूला’

दरअसल, बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कटिहार जिले के आजमनगर का नाम बदलकर ‘धर्म नगरी’ करने का ऐलान कर एक नई सियासी बहस छेड़ दी है। उन्होंने यह वादा अपने कटिहार दौरे के दौरान किया, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में चुनावी रणनीति पर चर्चा चल रही थी। दुबे ने ट्वीट करते हुए लिखा, “कटिहार-पूर्णिया क्षेत्र में जीत के बाद आजमनगर का नाम ‘धर्म नगरी’ किया जाएगा।” इस ऐलान के साथ ही उन्होंने कुछ तस्वीरें भी साझा कीं, जिनमें प्राणपुर विधानसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी निशा सिंह भी नज़र आईं। पार्टी ने उन्हें एक बार फिर चुनावी मैदान में उतारा है।

योगी के शासन की झलक

निशिकांत दुबे का यह बयान सिर्फ एक वादा नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शासन मॉडल की झलक भी है। योगी ने अपने कार्यकाल में इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज और फैजाबाद का नाम अयोध्या करके सांस्कृतिक पहचान को केंद्र में रखकर राजनीति को नई दिशा दी थी। अब वही फॉर्मूला लगता है कि बिहार में भी दस्तक दे चुका है।

क्या कहते हैं राजनीतिक विश्लेषक

राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि यह कदम पूर्वी बिहार में धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाओं को साधने का प्रयास है। वहीं विपक्ष इस पर तीखी प्रतिक्रिया दे रहा है। राजद नेता तंज कसते हुए कहते हैं, “जब रोजगार और शिक्षा पर जवाब नहीं होता, तब नाम बदलने का खेल शुरू हो जाता है।” वहीं बीजेपी का मानना है कि यह केवल नाम बदलने का मामला नहीं, बल्कि “संस्कृति और अस्मिता की पुनर्स्थापना” है। पार्टी कार्यकर्ता इसे जनता से जुड़ने का एक भावनात्मक माध्यम बता रहे हैं।

बिहार की बदल सकती है राजनीति

बहरहाल, ‘योगी फॉर्मूला’ की यह एंट्री बिहार की राजनीति में एक नया मोड़ ला सकती है। सवाल यह है कि क्या ‘धर्म नगरी’ का वादा वोट बैंक को हिला पाएगा या बिहार के मतदाता इस बार जाति और धर्म से ऊपर उठकर विकास के मुद्दे पर मतदान करेंगे? आने वाले दिनों में यह साफ हो जाएगा कि बिहार की धरती पर ‘नाम बदलने की राजनीति’ चलेगी या ‘नारा बदलने की’।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *