यमुना को साफ करेगा फिनलैंड का अत्याधुनिक ड्रेजर, दिल्ली सरकार ने खरीदा यंत्र

yamuna

Delhi Yamuna Cleaning: अब यमुना के साफ होने की उम्मीदें और बढ़ गई है। फिनलैंड का अत्याधुनिक ड्रेजर यमुना की सफाई करेगा। दिल्ली सरकार ने यमुना नदी और अन्य जलमार्गों की सफाई के लिए फिनलैंड से एक अत्याधुनिक एम्फीबियस क्लासिक 4 मल्टीपर्पज़ ड्रेजर खरीदा है। यह मशीन बड़े पैमाने पर ड्रेजिंग (गाद निकालना), सफाई और बाढ़ प्रबंधन कार्यों में उपयोग की जाएगी।

दिल्ली के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री प्रवेश वर्मा ने गुरुवार को बताया कि यह मशीन दिसंबर से पहले भारत पहुंच जाएगी और जनवरी से संचालन में आ जाएगी। अधिकारियों के अनुसार यह ड्रेजर एक उन्नत तकनीक से लैस एम्फीबियस (दोनों माध्यमों में काम करने वाली) मशीन है, जो पानी और जमीन दोनों पर संचालन में सक्षम है। फिनलैंड की इस मशीन में उच्च दक्षता वाली हाइड्रोलिक प्रणालियां, मॉड्यूलर उपकरण और आधुनिक इंजीनियरिंग तकनीक का समावेश है।

यमुना और नजफगढ़ नाले की सफाई में इस्तेमाल

वर्मा ने बताया कि लगभग आठ करोड़ रुपये की लागत से खरीदी गई यह मशीन यमुना नदी के साथ-साथ साहिबी नदी (नजफगढ़ नाला) की सफाई में भी इस्तेमाल की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह कदम दिल्ली की नदियों को पुनर्जीवित करने और शहर की बाढ़ प्रबंधन प्रणाली को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।

पर्यावरणीय दृष्टि से जिम्मेदार निवेश

फिनलैंड में मौजूद मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा, “यह कोई साझेदारी नहीं है, बल्कि दिल्ली सरकार द्वारा प्रत्यक्ष खरीद है। यह उन्नत प्रौद्योगिकी और पर्यावरणीय जिम्मेदारी में एक सचेत निवेश है।” अधिकारियों ने बताया कि यह बहुउद्देशीय मशीन एक साथ कई तरह के कार्य कर सकती है, जिसमें ड्रेजिंग, उत्खनन, रेकिंग, ठोस अपशिष्ट निष्कासन और खरपतवार हटाने जैसे कार्य शामिल हैं। सरकार को उम्मीद है कि इस ड्रेजर के उपयोग से यमुना की सफाई अभियान में तेजी आएगी और दिल्ली की जल निकासी प्रणाली अधिक सक्षम बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *