दिल्ली में दीपावली और अन्य त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सरकार ने सख्ती बढ़ा दी है। लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें लगातार मिठाई की दुकानों, डेयरियों और खाद्य पदार्थ बनाने वाली इकाइयों की जांच कर रही हैं। इसी अभियान के तहत उत्तर-पूर्वी, पूर्वी, शाहदरा, दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में निरीक्षण किया गया। इस दौरान मिठाइयों और दुग्ध उत्पादों सहित कुल 40 नमूने जांच के लिए लिए गए। वहीं, नियमों और स्वच्छता मानकों में कमियां मिलने पर आठ प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए।
डेयरी में 100 किलो खराब खाद्य सामग्री नष्ट कराई
उत्तर-पूर्वी, पूर्वी और शाहदरा क्षेत्रों में जांच के दौरान खोया, पनीर, घी, कलाकंद, लड्डू, गुलाब जामुन और ड्राई फ्रूट गिफ्ट पैक के 22 नमूने एकत्र किए गए। इस दौरान मंडोली एक्सटेंशन स्थित एक डेयरी में गड़बड़ी सामने आई। यहां दुर्गंधयुक्त खोया, रसगुल्ले और मच्छरों व मक्खियों से दूषित दूध पाया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 100 किलोग्राम ऐसी खाद्य सामग्री नष्ट कराई, जो मानव उपभोग के योग्य नहीं थी।
दक्षिणी दिल्ली में 12 प्रतिष्ठानों की जांच
दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में भी विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान मिठाई की दुकानों और खाद्य निर्माण इकाइयों सहित 12 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। यहां से लड्डू, बर्फी, कलाकंद, रसगुल्ला, खोया, छेना, पनीर, घी और स्किम्ड मिल्क पाउडर के 18 नमूने जांच के लिए लिए गए।
इसके अलावा निहाल विहार स्थित एक मिठाई निर्माण इकाई के खिलाफ मिली शिकायत पर भी विभाग ने कार्रवाई की। टीम ने मौके पर पहुंचकर इकाई का निरीक्षण किया और तीन नमूने एकत्र किए। जांच के दौरान यह इकाई बिना एफएसएसएआई पंजीकरण के संचालित होती पाई गई।
कमियां मिलने पर आठ प्रतिष्ठानों को नोटिस
निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ दुकानों और निर्माण इकाइयों में साफ-सफाई तथा स्वच्छता के मानकों की भी जांच की गई। जहां नियमों का पालन नहीं पाया गया, वहां सुधार के लिए आठ प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए। विभाग की ओर से बताया गया कि खाद्य नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट और निरीक्षण में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी सरकार: रेखा गुप्ता
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि त्योहारों की खुशियां तभी सार्थक हैं, जब लोगों को शुद्ध, सुरक्षित और स्वास्थ्य के अनुकूल खाद्य सामग्री मिले। खाद्य पदार्थों में मिलावट, दूषित सामग्री की बिक्री और स्वच्छता नियमों की अनदेखी सीधे लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मामला है। सरकार इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी।
मुख्यमंत्री ने खाद्य सुरक्षा विभाग को मिठाई की दुकानों, डेयरियों और खाद्य निर्माण इकाइयों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए। सरकार का उद्देश्य केवल अनियमितताओं पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था बनाना है, जिसमें दिल्लीवासियों को पूरे साल और खासकर त्योहारों के दौरान भरोसेमंद व गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री मिल सके। जनस्वास्थ्य की रक्षा और उपभोक्ताओं का विश्वास बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है।