Manohar Lal on PM Modi Vision: (गुरुग्राम): केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मंगलवार को गुरुग्राम स्थित गुरुकमल पार्टी कार्यालय में ‘आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान’ के अंतर्गत पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों से संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘स्वदेशी अपनाओ, आत्मनिर्भर बनाओ’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पांच वर्ष पूर्व दिया गया आत्मनिर्भर भारत का आह्वान अब एक जन आंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने इसे महज एक संकल्प नहीं, बल्कि “राष्ट्र के आत्मगौरव और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक दृढ़ लक्ष्य” बताया।
‘हर घर स्वदेशी घर-घर स्वदेशी’ का मंत्र
उन्होंने कहा, “आज आवश्यकता इस बात की है कि हम हर वह वस्तु जो भारत में गुणवत्ता के साथ निर्मित हो सकती है, उसे स्वदेशी विकल्प के रूप में अपनाएं। इससे न केवल विदेशी निर्भरता कम होगी, बल्कि स्थानीय किसानों, कारीगरों और उद्यमियों को भी सीधा लाभ पहुंचेगा।”
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने वोकल फार लोकल और स्वदेशी संकल्प जैसे अभियानों को जनभागीदारी का माध्यम बताते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के समय भी स्वदेशी आंदोलन ने राष्ट्र को नई दिशा दी थी, और आज फिर वही ऊर्जा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में काम आएगी।
“ऊर्जा सरप्लस भारत” की ओर
मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आने वाले वर्षों में “ऊर्जा सरप्लस” राष्ट्र बनेगा और दुनिया के विकसित देशों की कतार में तेजी से आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी का विजन स्पष्ट है भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाना, और हम सभी को इसमें भागीदार बनना है। उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।